अंतरराष्ट्रीय बालिका दिवस सप्ताह के तहत खेलकूद प्रतियोगिताओं का आयोजन..
कबड्डी, बैडमिंटन और जूडो-कराटे में बालिकाओं ने दिखाया उत्साह एवं प्रतिभा
गौरव रक्षक/राजेंद्र शर्मा
भीलवाड़ा, 12 अक्टूबर 2026
अंतरराष्ट्रीय बालिका दिवस सप्ताह के तहत महिला अधिकारिता विभाग की ओर से आयोजित ‘नारी चौपाल—सशक्त बालिका, समृद्ध समाज’ कार्यक्रम के अंतर्गत सोमवार को विभिन्न विद्यालयों में खेलकूद प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। प्रतियोगिताओं में बालिकाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
श्री नगेन्द्र कुमार तोलम्बिया, उपनिदेशक महिला अधिकारिता विभाग, भीलवाड़ा के निर्देशन में महात्मा गांधी राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, पुलिस लाइन में प्रधानाचार्य सुंदर सिंह चुंडावत एवं अध्यापक सांवरिया खटीक के सानिध्य में कबड्डी और बैडमिंटन प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। वहीं, महात्मा गांधी राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय, पुर में प्रधानाचार्य इरशाद आलम काजी के सानिध्य में जूडो-कराटे एवं कबड्डी प्रतियोगिताओं का आयोजन हुआ।
कार्यक्रम के दौरान पन्नाधाय सुरक्षा एवं सम्मान केंद्र की केंद्र प्रबंधक गंगा दाधीच, विधिक परामर्शदाता सुमन खोईवाल, मनोसामाजिक परामर्शदाता सुनीता शर्मा तथा सामाजिक परामर्शदाता सीमा शर्मा ने बालिकाओं को खेलकूद के महत्व के बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि खेलकूद से न केवल शारीरिक स्वास्थ्य बेहतर होता है, बल्कि मानसिक मजबूती, आत्मविश्वास, सकारात्मक सोच और निर्णय लेने की क्षमता का भी विकास होता है।
इस अवसर पर बालिकाओं को भयमुक्त एवं सुरक्षित वातावरण में शिक्षा प्राप्त करने, अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने तथा मानसिक स्वास्थ्य का ध्यान रखने के लिए प्रेरित किया गया। साथ ही, बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीति को रोकने के लिए बालिकाओं को बाल विवाह नहीं करने की शपथ दिलाई गई। उन्हें भारत सरकार के माई भारत पोर्टल पर पंजीकरण कराने की जानकारी भी दी गई।
प्रतियोगिताओं में विजेता बालिकाओं को डॉक्यूमेंट चेन फाइल प्रदान कर सम्मानित किया गया, जबकि अन्य प्रतिभागियों को सांत्वना पुरस्कार दिए गए। कार्यक्रम में दोनों विद्यालयों की लगभग 300 बालिकाओं ने भाग लिया।

