अजमेर में अवैध घुसपैठियों के खिलाफ बड़ी सफलता: स्पेशल टास्क फोर्स ने 27वीं कार्रवाई में 52 वर्षीय बांग्लादेशी नागरिक को दबोचा..

अजमेर में अवैध घुसपैठियों के खिलाफ बड़ी सफलता: स्पेशल टास्क फोर्स ने 27वीं कार्रवाई में 52 वर्षीय बांग्लादेशी नागरिक को दबोचा..
​अवैध रूप से रह रहे बांग्लादेशियों की धरपकड़ का आंकड़ा पहुंचा 61; दरगाह और सीआईडी जोन की संयुक्त कार्रवाई में दबोचा गया गुलाम मुस्तफा

गौरव रक्षक/राजेंद्र शर्मा

जयपुर 12 अक्टूबर2026

पुलिस मुख्यालय के निर्देशों पर अवैध रूप से निवास कर रहे बांग्लादेशी नागरिकों की पहचान और नियमानुसार निष्कासन के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत अजमेर जिला पुलिस की स्पेशल टास्क फोर्स ने 27वीं कार्रवाई की है। इस कार्रवाई में एक पुरुष बांग्लादेशी नागरिक को दस्तयाब किया गया। इसके साथ ही अभियान के तहत अब तक दस्तयाब किए गए बांग्लादेशी नागरिकों की कुल संख्या 61 हो गई है।
महानिरीक्षक पुलिस अजमेर रेंज डॉ. रवि एवं पुलिस अधीक्षक अजमेर हर्षवर्धन अग्रवाला के निर्देशानुसार जिले में अवैध रूप से निवासरत बांग्लादेशी नागरिकों की पहचान के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर एवं मुख्यालय हिमांशु जांगिड़ के निर्देशन तथा वृत्ताधिकारी दरगाह हर्षित शर्मा के नेतृत्व में जिला पुलिस और सीआईडी जोन अजमेर की संयुक्त टीम गठित की गई है।
दरगाह क्षेत्र में तलाश के दौरान मिला संदिग्ध
संयुक्त टीम द्वारा आसूचना संकलन, तकनीकी साधनों और अन्य उपलब्ध जानकारियों के आधार पर दरगाह बाजार, जालियान कब्रिस्तान, अंदरकोट, नई सड़क, तारागढ़ की पहाड़ी, सिलावट मोहल्ला, बड़े पीर का चिल्ला, लंगर खाना गली, चश्मा-ए-नूर, त्रिपोलिया गेट, सोहले खंभा, झालरा तथा लाखन कोटड़ी सहित अन्य संभावित क्षेत्रों में तलाश की जा रही थी।
इसी अभियान के दौरान एक संदिग्ध व्यक्ति को दस्तयाब कर पूछताछ की गई। उसने अपना नाम गुलाम मुस्तफा (52) पुत्र स्वर्गीय नजीर हुसैन निवासी गांव मुगलहाट थाना लालमुनिहाट जिला लालमुनिहाट, बांग्लादेश बताया।
करीब 25 वर्ष पहले भारत आने की बात स्वीकार की
पूछताछ में व्यक्ति ने करीब 25 वर्ष पहले पश्चिम बंगाल के मुगलहाट बॉर्डर के रास्ते अवैध रूप से भारत में प्रवेश करने की बात स्वीकार की। उसने बताया कि पश्चिम बंगाल में कुछ समय रहने और एक किराना दुकान पर काम करने के बाद वह ट्रेन से अजमेर दरगाह शरीफ पहुंचा। इसके बाद वह खानाबदोश के रूप में रहने लगा और दिल्ली, उत्तराखंड, हरिद्वार, असम, गुजरात तथा महाराष्ट्र सहित विभिन्न स्थानों पर रहा। करीब तीन महीने पहले वह दोबारा अजमेर आया और दरगाह क्षेत्र में रह रहा था।
सोमवार को दरगाह थाना पुलिस एवं सीआईडी जोन अजमेर की टीम ने उसे अवैध रूप से निवास करने के संदेह में दस्तयाब कर थाने लाकर पूछताछ की। उसकी नागरिकता और भारत में प्रवेश से संबंधित तथ्यों की जांच की जा रही है तथा मामले में आगे की कार्रवाई नियमानुसार की जाएगी।
संयुक्त टीम ने की कार्रवाई
इस कार्रवाई में दरगाह थानाधिकारी दिनेश जीवनानी सह-टीम प्रभारी के रूप में शामिल रहे। इनके साथ सीआईडी जोन अजमेर के निरीक्षक नरेंद्र कुमार शर्मा, सहायक उपनिरीक्षक मजीद मोहम्मद, डीएसबी अजमेर के सहायक उपनिरीक्षक योगेश कुमार तथा दरगाह थाना और सीआईडी के अन्य पुलिसकर्मियों ने भूमिका निभाई। कांस्टेबल मुकेश कुमार एवं नाथूराम का विशेष योगदान रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *