भीलवाड़ा में बैंक खातों से 8.32 लाख रुपये की संदिग्ध निकासी, FIR दर्ज…

भीलवाड़ा में बैंक खातों से 8.32 लाख रुपये की संदिग्ध निकासी, FIR दर्ज…

पीड़ित को मोबाइल पर बैंक ट्रांजेक्शन के मैसेज मिलने के बाद सामने आया मामला, सुभाषनगर थाना पुलिस ने शुरू की जांच

गौरव रक्षक/राजेंद्र शर्मा
भीलवाड़ा, 1अक्टूबर 2026

सुभाषनगर थाना क्षेत्र में एक व्यक्ति के बैंक खातों से करीब 8 लाख 32 हजार 531 रुपये की संदिग्ध तरीके से निकासी का मामला सामने आया है। पीड़ित की रिपोर्ट पर सुभाषनगर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

FIR में दर्ज विवरण के अनुसार, परिवादी महावीर शर्मा, उम्र करीब 50 वर्ष, निवासी रामस्नेही हॉस्पिटल के सामने ने पुलिस को रिपोर्ट दी कि 28 सितंबर 2026 की रात करीब 10 बजे उनके मोबाइल पर बैंक खाते से संबंधित मैसेज आने लगे। मोबाइल देखने पर उन्हें खाते से राशि निकाले जाने की जानकारी मिली। इसके बाद उन्होंने तत्काल संबंधित बैंक से संपर्क किया और पुलिस थाने पहुंचकर मामले की रिपोर्ट दर्ज कराई।

रिपोर्ट के अनुसार, पीड़ित के बैंक खातों से अलग-अलग माध्यमों से राशि निकाले जाने की बात सामने आई है। FIR में एक खाते तथा बैंक ऑफ बड़ौदा से संबंधित दूसरे खाते का उल्लेख भी किया गया है। दस्तावेज में चोरी/निकाली गई संपत्ति का कुल मूल्य ₹8,32,531 दर्ज है।

पीड़ित की ओर से बैंक ऑफ बड़ौदा के संबंधित खाते के संबंध में कार्रवाई के लिए 1930 पर संपर्क कर सूचना दी।

पुलिस दस्तावेज के अनुसार, 30 सितंबर 2026 को शाम 6:06 बजे प्राप्त लिखित रिपोर्ट के आधार पर सुभाषनगर थाना पुलिस ने मामला दर्ज किया। FIR में BNS 2023 की धारा 316(2), 318(4) और 319(2) के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है।

मामले की जांच सहायक उप-निरीक्षक इस्लाम मोहम्मद को सौंपी गई है। पुलिस अब बैंक ट्रांजेक्शन, संबंधित खातों, मोबाइल पर प्राप्त संदेशों और निकासी के माध्यम की जांच कर रही है। जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि रकम किस तरीके से निकाली गई और इसके पीछे कौन लोग शामिल हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *