दबाव बनाकर रुपये मांगने वाले आरोपी को 24 घंटे में किया गिरफ्तार, मोटरसाइकिल बरामद..
गौरव रक्षक/अमरदीप
बस्ती, 1अक्टूबर 2026
पुलिस अधीक्षक बस्ती डॉ. यशवीर सिंह के निर्देश पर अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सोनहा थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए वांछित अभियुक्त को घटना के 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से जबरन ले जाई गई मोटरसाइकिल भी बरामद की है।
पुलिस के अनुसार, आरोपी द्वारा पीड़ित पर दबाव बनाकर पैसों की मांग की गई थी। रुपये नहीं मिलने पर आरोपी कथित रूप से मोटरसाइकिल अपने कब्जे में लेकर चला गया और वाहन वापस करने के लिए दोबारा पैसों की मांग की गई। मामले में पीड़ित की शिकायत के आधार पर थाना सोनहा में धारा 308(5) एवं 317(2) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था।
मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना सोनहा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए विनोद कुमार शर्मा पुत्र मंगनू शर्मा को 24 घंटे के अंदर गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर जबरन कब्जे में ली गई मोटरसाइकिल भी बरामद कर ली।
गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम
कार्रवाई में थानाध्यक्ष सोनहा महेश सिंह, उपनिरीक्षक तारकेश्वर यादव, हेड कांस्टेबल सूर्य प्रताप साहनी एवं कांस्टेबल विकास सिंह शामिल रहे।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई से मामले में आरोपी की गिरफ्तारी और वाहन की बरामदगी 24 घंटे के भीतर कर ली गई।

