पट्टा फाइल आगे बढ़ाने के बदले रिश्वत! वनरक्षक ₹5 हजार लेते रंगे हाथ गिरफ्तार..
गौरव रक्षक/ राजेंद्र शर्मा
बांसवाड़ा, 1अक्टूबर 2026
भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) ने रिश्वतखोरी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए वन विभाग के एक वनरक्षक को 5 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान भूपेश पाटीदार, वनरक्षक, वन नाका तलवाड़ा, वन रेंज गढ़ी, जिला बांसवाड़ा के रूप में हुई है।
ACB के अनुसार, परिवादी वन विभाग के क्षेत्र के बाहरी हिस्से में स्थित वन भूमि पर लंबे समय से कृषि कार्य कर रहा था। उक्त भूमि के संबंध में वन पट्टे के लिए सत्यापन कर पत्रावली तैयार की जा रही थी। आरोप है कि पट्टा संबंधी पत्रावली को आगे बढ़ाने और फाइल उपलब्ध कराने की एवज में वनरक्षक ने परिवादी से रिश्वत की मांग की।
शिकायत मिलने के बाद ACB बांसवाड़ा इकाई ने रिश्वत मांग का सत्यापन कराया। सत्यापन के दौरान आरोपी द्वारा परिवादी से पट्टा फाइल आगे बढ़ाने के बदले 6 हजार रुपये रिश्वत की मांग करना सामने आया। परिवादी के आग्रह पर आरोपी 5 हजार रुपये लेने पर सहमत हो गया।
इसके बाद भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो के उप महानिरीक्षक पुलिस डॉ. रामेश्वर सिंह के पर्यवेक्षण तथा पुलिस उप अधीक्षक रतन सिंह राजपुरोहित के नेतृत्व में ACB बांसवाड़ा टीम ने ट्रैप कार्रवाई को अंजाम दिया।
कार्रवाई के दौरान वनरक्षक भूपेश पाटीदार को परिवादी से 5 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया गया।
ACB के अनुसार आरोपी से पूछताछ की जा रही है। साथ ही उसके निवास स्थान की तलाशी की कार्रवाई भी जारी है। आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर अग्रिम अनुसंधान किया जाएगा।
ACB की इस कार्रवाई से वन विभाग में रिश्वतखोरी के मामलों को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हुए हैं।

