डिजिटल अंगदान प्रतिज्ञा अभियान में भीलवाड़ा प्रदेश में प्रथम, राज्य स्तरीय सम्मान से सम्मानित,चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री ने राज्य स्तरीय समारोह में प्रशस्ति पत्र व मोमेंटो देकर जिला कलेक्टर को प्रदान किया सम्मान..

डिजिटल अंगदान प्रतिज्ञा अभियान में भीलवाड़ा प्रदेश में प्रथम, राज्य स्तरीय सम्मान से सम्मानित

24 हजार से ज्यादा जिलेवासियों ने ली अंगदान प्रतिज्ञा

चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री ने राज्य स्तरीय समारोह में प्रशस्ति पत्र व मोमेंटो देकर जिला कलेक्टर को प्रदान किया सम्मान…

गौरव रक्षक/राजेंद्र शर्मा

भीलवाड़ा, 5 अगस्त2026

डिजिटल अंगदान प्रतिज्ञा (Digital Organ Donation Pledge) अभियान में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए 24 हजार से ज्यादा जिलेवासियों द्वारा अंगदान प्रतिज्ञा लेने पर राजस्थान में प्रथम स्थान प्राप्त करने पर भीलवाड़ा जिले को बुधवार को राज्य स्तरीय सम्मान से सम्मानित किया गया। राज्य अंग एवं ऊतक प्रत्यारोपण संगठन (SOTTO), जयपुर द्वारा एसएमएस मेडिकल कॉलेज के न्यू एकेडमिक ब्लॉक ऑडिटोरियम में आयोजित भारतीय अंगदान दिवस राज्य स्तरीय समारोह में जिले की इस उपलब्धि का सम्मान किया गया। समारोह के मुख्य अतिथि प्रदेश के चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री श्री गजेंद्र सिंह खींवसर ने जिला कलेक्टर श्री जसमीत सिंह संधू को प्रशस्ति पत्र व मोमेंटो देकर यह सम्मान प्रदान किया। इस अवसर पर चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग की प्रमुख शासन सचिव श्रीमती गायत्री राठौड़ सहित विभाग के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

जिला कलेक्टर श्री जसमीत सिंह संधू ने इस उपलब्धि पर जिलेवासियों एवं चिकित्सा विभाग की पूरी टीम को बधाई देते हुए कहा कि यह सम्मान जिले के सामूहिक प्रयासों का परिणाम है। उन्होंने इस उपलब्धि का श्रेय मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी श्री संजीव शर्मा, महात्मा गांधी चिकित्सालय के पीएमओ, चिकित्सा विभाग की पूरी टीम, विभिन्न विभागों, स्वयंसेवी संस्थाओं, शिक्षण संस्थानों तथा जिले की जागरूक जनता को दिया।

उन्होंने कहा कि अंगदान महादान है और इससे अनेक जरूरतमंद लोगों को नया जीवन मिल सकता है। भविष्य में भी जिले में अंगदान के प्रति जनजागरूकता के प्रयास निरंतर जारी रहेंगे।

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी श्री संजीव शर्मा ने बताया कि जिला कलेक्टर के मार्गदर्शन तथा चिकित्सा विभाग के समन्वित प्रयासों से जिले में डिजिटल अंगदान प्रतिज्ञा अभियान को व्यापक जनआंदोलन का स्वरूप दिया गया। विभिन्न विभागों, सामाजिक संगठनों एवं आमजन की सक्रिय भागीदारी से भीलवाड़ा ने पूरे प्रदेश में प्रथम स्थान प्राप्त कर यह गौरव हासिल किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *