केन्द्रीय मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत का भीलवाड़ा दौरा, सेवा संकल्प अभियान में लिया भाग, डॉ. अंबेडकर की प्रतिमा पर किया माल्यार्पण; जनप्रतिनिधियों ने किया स्वागत
गौरव रक्षक/राजेंद्र शर्मा
भीलवाड़ा, 2 अक्टूबर2026
केन्द्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत शुक्रवार को भीलवाड़ा जिले के दौरे पर रहे। मंत्री शेखावत जयपुर से सड़क मार्ग से भीलवाड़ा पहुंचे और सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित कार्यक्रम में भाग लिया। इस दौरान उन्होंने डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।
कार्यक्रम के बाद केन्द्रीय मंत्री सर्किट हाउस पहुंचे, जहां उन्होंने केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और उनके प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर जानकारी साझा की। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में केंद्र और राज्य सरकार द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पहुंचाने के प्रयास किए जा रहे हैं।
जनप्रतिनिधियों ने किया स्वागत
सर्किट हाउस पहुंचने पर जिला कलेक्टर जसमीत सिंह संधू, पुलिस अधीक्षक सागर राणा, मांडल विधायक उदयलाल भड़ाणा, सहाड़ा विधायक लादूलाल पितलिया, पूर्व सांसद सुभाष बहेड़िया, पूर्व विधायक विट्ठल शंकर अवस्थी, वरिष्ठ जनप्रतिनिधि प्रशांत मेवाड़ा तथा नगर निगम महापौर जसवंत कंवर सहित अन्य जनप्रतिनिधियों एवं गणमान्य नागरिकों ने केन्द्रीय मंत्री शेखावत का स्वागत एवं अभिनंदन किया।
पुलिस दल ने दिया गार्ड ऑफ ऑनर
सर्किट हाउस पहुंचने के दौरान पुलिस दल की ओर से केन्द्रीय मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत को गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। इसके पश्चात मंत्री शेखावत सर्किट हाउस से तेरापंथ नगर होते हुए सड़क मार्ग से चित्तौड़गढ़ के लिए रवाना हुए।

