बस्ती के एसपी ओमवीर सिंह ने हरैया और छावनी थानों का किया औचक निरीक्षण, लंबित विवेचनाओं के शीघ्र निस्तारण के निर्देश..

बस्ती के एसपी ओमवीर सिंह ने हरैया और छावनी थानों का किया औचक निरीक्षण, लंबित विवेचनाओं के शीघ्र निस्तारण के निर्देश..

महिला एवं बाल अपराधों में संवेदनशीलता बरतने और साइबर शिकायतों पर तत्काल कार्रवाई के दिए निर्देश

गौरव रक्षक/अमरदीप

बस्ती (उत्तर प्रदेश), 11 अक्टूबर2026

पुलिस अधीक्षक डॉ. ओमवीर सिंह ने रविवार को जनपद के थाना हरैया और थाना छावनी का आकस्मिक निरीक्षण कर पुलिस व्यवस्था, अभिलेखों के रखरखाव और लंबित प्रकरणों की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को कानून-व्यवस्था मजबूत बनाए रखने तथा आमजन की शिकायतों का समयबद्ध और नियमानुसार निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक ने दोनों थानों के परिसर एवं कार्यालयों का भ्रमण किया। उन्होंने अपराध रजिस्टर, निरोधात्मक कार्रवाई रजिस्टर, हिस्ट्रीशीट रजिस्टर, सक्रिय अपराधी रजिस्टर सहित अन्य महत्वपूर्ण अभिलेखों का अवलोकन किया। हाल में हुई घटनाओं के संबंध में जानकारी लेते हुए संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

महिला एवं बाल अपराधों के मामलों में संवेदनशीलता बरतने के निर्देश

पुलिस अधीक्षक ने मिशन शक्ति केंद्र एवं हेल्पडेस्क पर तैनात महिला पुलिसकर्मियों को महिला एवं बाल अपराधों से संबंधित मामलों में प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई करने तथा पीड़ितों के प्रति संवेदनशील व्यवहार अपनाने के निर्देश दिए। उन्होंने ‘नारी सुरक्षा, नारी स्वावलंबन’ अभियान के उद्देश्यों के अनुरूप महिलाओं की सुरक्षा और उनकी शिकायतों के प्रभावी निस्तारण पर विशेष जोर दिया।

साइबर अपराध की शिकायतों पर हो त्वरित कार्रवाई

साइबर हेल्प डेस्क पर तैनात पुलिसकर्मियों को निर्देशित किया गया कि साइबर अपराध से संबंधित शिकायतों पर तत्काल संज्ञान लेकर नियमानुसार त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करें। पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट किया कि साइबर अपराध के मामलों में शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए आवश्यक कार्रवाई में अनावश्यक देरी नहीं होनी चाहिए।

बीट पुलिसिंग मजबूत करने और जनशिकायतों के निस्तारण पर जोर

पुलिस अधीक्षक ने बीट आरक्षियों को अपने-अपने क्षेत्रों में नियमित भ्रमण करने तथा क्षेत्र के संभ्रांत नागरिकों, जनप्रतिनिधियों और आमजन के साथ निरंतर संपर्क बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आमजन की शिकायतों का नियमानुसार समयबद्ध निस्तारण किया जाए, ताकि पुलिस के प्रति जनता का विश्वास मजबूत हो।

इसके साथ ही थानों के सभी विवेचकों को लंबित मामलों की विवेचना में तेजी लाने और नियमानुसार शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

‘ऑपरेशन क्लीन’ के तहत लावारिस और सीज वाहनों के निस्तारण के निर्देश

निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक ने ‘ऑपरेशन क्लीन’ के अंतर्गत थानों में खड़े लावारिस एवं सीज वाहनों का नियमानुसार शीघ्र निस्तारण कराने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए। उन्होंने थाना परिसर की व्यवस्थाओं और पुलिस कार्यप्रणाली को प्रभावी बनाए रखने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।

इस अवसर पर क्षेत्राधिकारी हरैया, प्रभारी निरीक्षक हरैया, प्रभारी निरीक्षक छावनी तथा संबंधित थानों के अन्य पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *