डिजिटल अरेस्ट” कर बुजुर्ग दम्पत्ति से 2 करोड़ से अधिक की ठगी, पश्चिम बंगाल से आरोपी ललित विश्वास गिरफ्तार..

“डिजिटल अरेस्ट” कर बुजुर्ग दम्पत्ति से 2 करोड़ से अधिक की ठगी, पश्चिम बंगाल से आरोपी ललित विश्वास गिरफ्तार..

पुलिस/एटीएस/एनआईए/आरबीआई अधिकारी बनकर 20 दिन तक वीडियो कॉल पर रखा; अब तक 3 आरोपी पकड़े गए

गौरव रक्षक/ राजेंद्र शर्मा

जयपुर 12 अक्टूबर2026

पुलिस, एटीएस, एनआईए, आरबीआई और अन्य सरकारी संस्थाओं के अधिकारी बनकर एक बुजुर्ग दंपती को करीब 20 दिन तक ‘डिजिटल अरेस्ट’ रखने और गिरफ्तारी का भय दिखाकर 2 करोड़ रुपये से अधिक की साइबर ठगी करने के मामले में सेंट्रल साइबर क्राइम पुलिस थाना जयपुर की टीम ने आरोपी ललित विश्वास निवासी जिला 24 परगना, पश्चिम बंगाल को गिरफ्तार किया है। प्रकरण में अब तक तीन आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है।
महानिदेशक पुलिस राजस्थान श्री राजीव कुमार शर्मा के निर्देश पर साइबर अपराधियों, विशेषकर डिजिटल अरेस्ट के नाम पर ठगी करने वालों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस साइबर क्राइम श्री विजय कुमार सिंह ने बताया कि मामले में साइबर ठगी के नेटवर्क और धनराशि के लेन-देन की जांच जारी है।
पुलिस अधिकारी बनकर किया फोन, आतंकवादी गतिविधियों से जुड़े होने का डर दिखाया
घटना के अनुसार जयपुर निवासी परिवादिया ने 11 सितंबर 2026 को रिपोर्ट दर्ज करवाई कि 17 अगस्त को एक व्यक्ति ने फोन कर स्वयं को पुलिस इंस्पेक्टर बताया और उनके विरुद्ध वारंट जारी होने की बात कही। इसके बाद कथित एटीएस अधिकारियों के नाम पर वीडियो कॉल के जरिए बातचीत करवाई गई।
आरोपियों ने परिवादिया और उनके पति को बताया कि उनका नाम आतंकवादी गतिविधियों के लिए धन उपलब्ध कराने वाले लोगों की सूची में है तथा उनके बैंक खाते का इस्तेमाल संदिग्ध लेन-देन में किया जा रहा है। गिरफ्तारी और कानूनी कार्रवाई का भय दिखाकर उन्हें आरोपियों के निर्देशों का पालन करने के लिए मजबूर किया गया।
फर्जी दस्तावेज भेजकर 20 दिन तक वीडियो कॉल पर रहने का दबाव
अनुसंधान के अनुसार साइबर ठगों ने पुलिस, एटीएस, एनआईए, आरबीआई, भारत सरकार और सुप्रीम कोर्ट के नाम एवं पहचान का कथित दुरुपयोग किया। आरोपियों ने व्हाट्सऐप के माध्यम से फर्जी दस्तावेज, स्क्रीनशॉट और सरकारी एवं बैंकिंग प्रमाण-पत्र जैसे दस्तावेज भेजे।
बुजुर्ग दंपती को लगातार वीडियो कॉल पर रहने के लिए कहा गया और गिरफ्तारी का भय दिखाकर अलग-अलग बैंक खातों में धनराशि ट्रांसफर करवाई गई। इस तरह दंपती से कुल 2 करोड़ रुपये से अधिक की रकम विभिन्न खातों में स्थानांतरित करवाई गई।
बैंक खाते में आए 7 लाख रुपये, 70 हजार रुपये कमीशन लेने का आरोप
पुलिस ने कॉल डिटेल रिकॉर्ड (सीडीआर), व्हाट्सऐप चैट, बैंक स्टेटमेंट, केवाईसी दस्तावेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों का विश्लेषण किया। जांच में सामने आया कि ठगी की रकम कई बैंक खातों में भेजी गई थी।
आरोपी ललित विश्वास ने अपने नेटवर्क से जुड़े लोगों को बैंक खाते से संबंधित जानकारी उपलब्ध कराने और धनराशि के लेन-देन में सहायता की। जांच में सामने आया कि उसके द्वारा उपलब्ध करवाए गए एचडीएफसी बैंक खाते में 2 सितंबर 2026 को 7 लाख रुपये जमा हुए। इसके बदले आरोपी ने कथित रूप से 70 हजार रुपये कमीशन प्राप्त किया।
अनुसंधान में यह भी सामने आया कि आरोपी ने अपने परिचित साहिब से एचडीएफसी बैंक खाते से संबंधित खाली चेक प्राप्त किया था और उक्त चेक असीम विश्वास तथा अतुन के मोबाइल नंबरों पर भेजा था। पुलिस आरोपी की भूमिका और इस लेन-देन से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।
उप महानिरीक्षक पुलिस साइबर क्राइम श्री शान्तनु कुमार सिंह के निर्देशन में पुलिस उप अधीक्षक एवं थानाधिकारी श्री गजेन्द्र शर्मा के नेतृत्व में गठित टीम ने यह कार्रवाई की। टीम में पुलिस निरीक्षक श्री राधेश्याम तथा कांस्टेबल श्री कृष्ण कुमार और श्री लक्ष्मण कुमार शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *