PM आवास योजना की किस्त के नाम पर 10 हजार की रिश्वत, निगम का संविदाकर्मी गिरफ्तार..
एसीबी ने रंगे हाथ दबोचा अखिलेश मीणा, 5 हजार मांगने वाला साथी नरेश वर्मा कार्रवाई की भनक लगते ही फरार
गौरव रक्षक/ राजेंद्र शर्मा
कोटा,5 अक्टूबर 2026
प्रधानमंत्री आवास योजना की आगामी किस्त स्वीकृत कराने के नाम पर रिश्वत मांगने के मामले में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) ने नगर निगम कोटा के एक संविदाकर्मी को 10 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के दौरान उसका साथी संविदाकर्मी नरेश वर्मा मौके से फरार हो गया। एसीबी टीम फरार आरोपी की तलाश में जुटी है।
पहली किस्त के बाद अगली किस्त के लिए मांगी रिश्वत
एसीबी के अनुसार, परिवादी को प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत मकान निर्माण के लिए 50 हजार रुपये की पहली किस्त प्राप्त हुई थी। आरोप है कि नगर निगम कोटा के संविदाकर्मी अखिलेश मीणा और नरेश वर्मा ने आगामी किस्त स्वीकृत कराने के एवज में परिवादी से रिश्वत की मांग की। रिश्वत नहीं देने पर आगे की किस्तें स्वीकृत नहीं होने देने की बात कही गई।
परिवादी ने इस संबंध में एसीबी के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विजय स्वर्णकार के समक्ष शिकायत प्रस्तुत की। शिकायत का 1 अक्टूबर को सत्यापन कराया गया। सत्यापन के दौरान अखिलेश मीणा द्वारा 10 हजार रुपये तथा नरेश वर्मा द्वारा 5 हजार रुपये रिश्वत मांगना पाया गया।
निगम के बाहर 10 हजार लेते दबोचा
शिकायत के सत्यापन के बाद एसीबी ने जाल बिछाया। पुलिस उप अधीक्षक अनिष अहमद के नेतृत्व में गठित ट्रैप टीम ने नगर निगम के बाहर कार्रवाई करते हुए संविदाकर्मी अखिलेश मीणा को परिवादी से 10 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ पकड़ लिया। टीम ने रिश्वत की राशि भी बरामद कर ली।
इसी दौरान कार्रवाई की भनक लगते ही दूसरा आरोपी नरेश वर्मा मौके से फरार हो गया। एसीबी टीम उसकी तलाश कर रही है।
भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम में मामला दर्ज
एसीबी की कार्रवाई अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस स्मिता श्रीवास्तव एवं पुलिस महानिरीक्षक एस. परिमला के सुपरविजन में की गई। गिरफ्तार आरोपी अखिलेश मीणा से पूछताछ की जा रही है। मामले में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

