पंचगौरव समीक्षा बैठक में अर्जुन, संतरा एवं टेक्सटाइल के विकास पर जोर..
गौरव रक्षक/ राजेंद्र शर्मा
भीलवाड़ा, 12 अगस्त2026
जिला कलक्टर श्री जसमीत सिंह संधू की अध्यक्षता में पंचगौरव की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में पंचगौरव के तहत चयनित अर्जुन, संतरा, बास्केटबॉल, मांडलगढ़ दुर्ग एवं टेक्सटाइल उत्पाद के विकास, संवर्धन एवं प्रचार-प्रसार की समीक्षा की गई।
वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए पंचगौरव हेतु कुल 37 लाख रुपये का बजट प्राप्त हुआ है। अर्जुन वनस्पति प्रजाति के संरक्षण एवं संवर्धन के लिए हरणी महादेव नर्सरी की क्षमता वृद्धि एवं आधुनिकीकरण, शेडनेट निर्माण तथा नर्सरी उपकरणों की खरीद जैसे कार्य किये जाएंगे।
अर्जुन एवं संतरा को मिलेगा वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट नीति का लाभ
भीलवाड़ा के पंचगौरव के तहत चयनित अर्जुन एवं संतरा को राजस्थान वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट नीति-2024 से जोड़ते हुए पात्र प्रसंस्करण इकाइयों को उद्यमिता, तकनीक, गुणवत्ता, पैकेजिंग, ब्रांडिंग एवं विपणन के अवसर उपलब्ध कराए जाएंगे। वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट नीति के तहत पात्र इकाइयों को 25 लाख रुपये तक मार्जिन मनी सहायता, 5 लाख रुपये तक टेक्नोलॉजी एक्विजिशन सहायता, 3 लाख रुपये तक गुणवत्ता प्रमाणन सहायता, 2 लाख रुपये तक मेले-प्रदर्शनी में भागीदारी सहायता तथा 1 लाख रुपये तक ई-कॉमर्स अनुदान का प्रावधान है।
सितंबर में होगी सामूहिक कार्यशाला
आर्थिक एवं सांख्यिकी विभाग के उप निदेशक डॉ. सोनल राज कोठारी ने बताया कि अर्जुन, संतरा एवं टेक्सटाइल के प्रचार-प्रसार तथा संबंधित सरकारी योजनाओं में जनभागीदारी बढ़ाने के लिए वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्टयोजना के तहत सितंबर माह में सामूहिक कार्यशाला आयोजित की जाएगी। कार्यशाला में संबंधित उत्पादकों, उद्यमियों एवं हितधारकों को योजनाओं एवं उपलब्ध प्रोत्साहनों की जानकारी दी जाएगी।

