प्रदेश में 2,101.16 करोड़ रुपये की लागत से 3,232 सड़कों के निर्माण को स्वीकृति
हर गाँव, कस्बे और शहर को गुणवत्तापूर्ण सड़क से जोड़ना सरकार की प्राथमिकता-उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी
भीलवाड़ा जिले के 7 विधानसभा क्षेत्रों में 78.93 करोड़ रुपये की लागत से 100 सड़कें बनेंगी
गौरव रक्षक/ राजेंद्र शर्मा
भीलवाड़ा, 5 अगस्त2026
राज्य सरकार ने बजट वर्ष 2026-27 की घोषणा की प्रभावी क्रियान्विति करते हुए प्रदेश के 187 विधानसभा क्षेत्रों में मिसिंग लिंक एवं नॉन-पेचेबल सड़कों के निर्माण के लिए 3,232 विकास कार्यों की प्रशासनिक एवं वित्तीय स्वीकृति जारी की है। सार्वजनिक निर्माण विभाग द्वारा लगभग 2,101.16 करोड़ रुपये की लागत से 6,418.43 किलोमीटर लंबाई की सड़कों का निर्माण कराया जाएगा। इन कार्यों से प्रदेश के उन क्षेत्रों को विशेष लाभ मिलेगा, जहां अब तक सड़क संपर्क अपेक्षाकृत कमजोर रहा है।
उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी ने कहा कि प्रदेश में सड़क संपर्क को सुदृढ़ बनाने, आवागमन को अधिक सुगम करने तथा समग्र विकास को गति प्रदान करने की दिशा में यह एक महत्वपूर्ण निर्णय है।

उन्होंने कहा कि यशस्वी प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के विकसित भारत के विजन तथा मुख्यमंत्री श्री भजन लाल शर्मा के नेतृत्व में राज्य सरकार आधारभूत अवसंरचना के सुदृढ़ीकरण के लिए निरंतर प्रभावी निर्णय ले रही है। प्रदेश के प्रत्येक गांव, कस्बे और शहर तक गुणवत्तापूर्ण सड़क नेटवर्क पहुंचाने तथा विकास का लाभ अंतिम व्यक्ति तक सुनिश्चित करने के उद्देश्य से सरकार पूर्ण प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है।
स्वीकृत प्रस्तावों के अंतर्गत भीलवाड़ा जिले के सात विधानसभा क्षेत्रों में कुल 100 सड़कों का निर्माण कराया जाएगा। इन सड़कों की कुल लंबाई 165.870 किलोमीटर होगी तथा इन पर लगभग 78.93 करोड़ रुपये (7,893 लाख) की अनुमानित लागत व्यय की जाएगी।
विधानसभा क्षेत्रवार स्वीकृत प्रस्तावों के अनुसार आसीन्द में 8 सड़कें (20.650 किमी) पर 888 लाख।
भीलवाड़ा में 21 सड़कें (10.090 किमी) पर 998 लाख।
जहाजपुर में 18 सड़कें (18.650 किमी) पर 1,203 लाख।
माण्डल में 12 सड़कें (26.40 किमी) पर 1,215 लाख।
माण्डलगढ़ में 10 सड़कें (23.980 किमी) पर 1,210 लाख।
सहाड़ा में 15 सड़कें (24 किमी) पर 1,180 लाख।
शाहपुरा (भीलवाड़ा) में 16 सड़कें (42.100 किमी) पर 1,199 लाख की अनुमानित लागत से सड़क निर्माण कार्य किए जाएंगे।

