26 साल से फरार इनामी डकैत दल्ला बारिया गिरफ्तार,
पेट्रोल पंप पर डकैती डालकर 1.64 लाख रुपये लूटे थे, झाबुआ में वेष बदलकर पुलिस ने दबोचा..
गौरव रक्षक/राजेंद्र शर्मा
अजमेर, 6 अक्टूबर 2026
अजमेर जिले की मांगलियावास थाना पुलिस ने 26 वर्ष पुराने डकैती के मामले में लंबे समय से फरार चल रहे उद्घोषित इनामी आरोपी दल्ला उर्फ रमेश उर्फ दल्ला बारिया को मध्यप्रदेश के झाबुआ जिले से गिरफ्तार किया है। आरोपी वर्ष 2000 में पेट्रोल पंप पर डकैती की वारदात को अंजाम देने के बाद फरार हो गया था और उसके खिलाफ स्थायी गिरफ्तारी वारंट जारी था।
पुलिस के अनुसार, पुलिस मुख्यालय राजस्थान जयपुर की ओर से 15 सितंबर से 15 अक्टूबर 2026 तक वांछित अपराधियों, स्थायी एवं गिरफ्तारी वारंटियों तथा उद्घोषित अपराधियों की धरपकड़ के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत अजमेर पुलिस अधीक्षक हर्ष वर्धन अग्रवाला के निर्देश पर यह कार्रवाई की गई।
पेट्रोल पंप पर डकैती डालकर लूटे थे 1,64,513 रुपये
पुलिस के मुताबिक 3 अप्रैल 2000 को एनएच-08 स्थित वैष्णो देवी पेट्रोल पंप, सरहद मांगलियावास पर दल्ला बारिया ने अपने साथियों के साथ मिलकर डकैती की वारदात को अंजाम दिया था। बदमाश पेट्रोल पंप से 1,64,513 रुपये नकद लूटकर फरार हो गए थे।
इस मामले में पुलिस पूर्व में रामसन उर्फ कल्ला, बापू उर्फ भानिया, पउ उर्फ बाबू, ओजीनू उर्फ जीनू, धूलिया और नाहरिया को गिरफ्तार कर न्यायालय में चालान पेश कर चुकी थी। वहीं मुख्य आरोपी दल्ला बारिया वारदात के बाद से लगातार फरार चल रहा था। उसके खिलाफ न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी, नसीराबाद की अदालत से स्थायी गिरफ्तारी वारंट जारी था।
झाबुआ में वेष बदलकर पुलिस ने डाला डेरा
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण डॉ. लालचन्द कायल के निर्देशन तथा वृत्ताधिकारी ग्रामीण सत्येन्द्र नेगी और वृत्ताधिकारी पीसांगन नीरज गुप्ता के सुपरविजन में मांगलियावास थानाधिकारी हरीश चौधरी के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई।
पुलिस टीम ने आरोपी के गृह राज्य मध्यप्रदेश के झाबुआ जिले में थाना कल्याणपुर क्षेत्र के नेगड़िया, महेन्दीखेड़ा और सुल्ला मेहुडा गांवों में लगातार डेरा डालकर गोपनीय सूचनाएं जुटाईं। पुलिसकर्मियों ने वेष बदलकर आरोपी की तलाश की और उसके संभावित ठिकानों पर निगरानी रखी।
सघन तलाश के दौरान पुलिस टीम ने संदिग्ध व्यक्ति को पकड़ा। पुलिस के अनुसार, उसने अपनी पहचान छिपाकर टीम को गुमराह करने का प्रयास किया, लेकिन तकनीकी सत्यापन और पूछताछ के बाद उसकी पहचान दल्ला उर्फ रमेश उर्फ दल्ला बारिया पुत्र कोडिया उर्फ सुमला बारिया, उम्र 50 वर्ष, निवासी नेगड़िया, थाना कल्याणपुर, जिला झाबुआ, मध्यप्रदेश के रूप में हुई।
स्थानीय कल्याणपुर पुलिस और ग्रामीणों से पहचान की पुष्टि के बाद आरोपी को उसके खिलाफ जारी स्थायी गिरफ्तारी वारंट के तहत विधिवत गिरफ्तार कर लिया गया।
मांगलियावास पुलिस की इस कार्रवाई से 26 वर्षों से फरार चल रहे डकैती के आरोपी की गिरफ्तारी संभव हुई है। पुलिस अब आरोपी से मामले से जुड़े अन्य पहलुओं को लेकर पूछताछ कर रही है।

