ऑपरेशन मद्वैतेश: 1 लाख रुपये का इनामी नशा तस्कर विश्नाराम मंदसौर से गिरफ्तार…
पहचान बदलकर बना था फर्नीचर व्यवसायी, जोधपुर से बुलाए कारीगरों की ट्रैकिंग से पुलिस पहुंची आरोपी तक
गौरव रक्षक/ राजेंद्र शर्मा
जयपुर, 6 अक्टूबर 2026
राजस्थान पुलिस की विशेष इकाई एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (एएनटीएफ) ने नशा तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए 1 लाख रुपये के फरार इनामी आरोपी विश्नाराम को मध्यप्रदेश के मंदसौर जिले से गिरफ्तार किया है। आरोपी पिछले करीब दो वर्षों से फरार चल रहा था और राजस्थान पुलिस की ‘टॉप मोस्ट नार्को-25’ सूची में शामिल था।
पुलिस के अनुसार, महानिदेशक पुलिस राजीव कुमार शर्मा एवं अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस दिनेश एम.एन. के निर्देशन तथा एएनटीएफ महानिरीक्षक विकास कुमार के नेतृत्व में गठित विशेष टीम ने ‘ऑपरेशन मद्वैतेश’ के तहत यह कार्रवाई की।
दादा को नशे की लत देखकर तस्करी में उतरा
एएनटीएफ आईजी विकास कुमार के अनुसार, आरोपी विश्नाराम (32), निवासी कुड़ला, थाना रीको, बाड़मेर 12वीं तक पढ़ा है। पुलिस के मुताबिक परिवार में अपने दादा को डोडा-पोस्त का नशा करते देखकर वह तस्करी के धंधे में आया। शुरुआत में खलासी के रूप में काम करने के दौरान उसने नीमच और मंदसौर के तस्करों से संपर्क बनाया और बाद में मध्यप्रदेश से मादक पदार्थ लाकर राजस्थान के मारवाड़ क्षेत्र में सप्लाई करने का नेटवर्क खड़ा कर लिया।

पुलिस के अनुसार, आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट, हत्या के प्रयास, आर्म्स एक्ट, चोरी, धोखाधड़ी और मारपीट सहित 18 से अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं।
पहचान छिपाकर मंदसौर में बना फर्नीचर कारोबारी
राजस्थान में पुलिस का दबाव बढ़ने के बाद आरोपी ने ठिकाने बदल लिए और मध्यप्रदेश के मंदसौर में पहचान छिपाकर रहने लगा। यहां उसने खुद को फर्नीचर व्यवसायी के रूप में स्थापित कर लिया। काम के सिलसिले में उसने जोधपुर से कुछ फर्नीचर कारीगर भी मंदसौर बुलाए।
एएनटीएफ को मुखबिर से आरोपी के मंदसौर में छिपे होने की सूचना मिली। इसके बाद टीम ने जोधपुर से पहुंचे कारीगरों की गतिविधियों पर निगरानी रखी। इसी दौरान पुलिस टीम उनकी गतिविधियों को ट्रैक करते हुए मंदसौर जिले के पिपलियामंडी थाना क्षेत्र स्थित उमरिया गांव तक पहुंच गई।
नशे की पार्टी के दौरान पुलिस ने दबोचा
पुलिस के अनुसार, उमरिया गांव में दबिश के दौरान विश्नाराम एक तस्कर साथी के रिश्तेदार के मकान में कारीगरों और अन्य सहयोगियों के साथ मौजूद था। टीम ने मौके पर घेराबंदी कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
18 से अधिक मामलों में था वांछित
एएनटीएफ के अनुसार विश्नाराम के खिलाफ राजस्थान, मध्यप्रदेश और हरियाणा में 18 से अधिक गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं। इनमें एनडीपीएस एक्ट, आर्म्स एक्ट, हत्या का प्रयास और धोखाधड़ी सहित विभिन्न धाराओं के मामले शामिल हैं। बाड़मेर, जोधपुर, पाली, प्रतापगढ़ और हरियाणा के गुरुग्राम क्षेत्र में भी उसके खिलाफ मामले दर्ज बताए गए हैं।
एएनटीएफ महानिरीक्षक विकास कुमार ने कहा कि राज्यव्यापी नशामुक्त अभियान के तहत मादक पदार्थों की तस्करी में शामिल अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। आमजन संदिग्ध नशा तस्करी की सूचना एएनटीएफ कंट्रोल रूम 0141-2502877 अथवा व्हाट्सऐप नंबर 9261225056 पर दे सकते हैं। पुलिस के अनुसार, सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।

