तालेड़ा पंचायत समिति में ACB का बड़ा एक्शन, 70 हजार की रिश्वत लेते JEN गिरफ्तार..

तालेड़ा पंचायत समिति में ACB का बड़ा एक्शन, 70 हजार की रिश्वत लेते JEN गिरफ्तार..

10 लाख रुपये के बिल पास करने की एवज में मांगी थी रिश्वत, कोटा एसीबी की टीम ने रंगे हाथों पकड़ा

गौरव रक्षक/राजेंद्र शर्मा

कोटा/बूंदी, 28अक्टूबर 2026

भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) ने बूंदी जिले की तालेड़ा पंचायत समिति में ट्रैप कार्रवाई करते हुए जूनियर टेक्निकल असिस्टेंट (संविदाकर्मी) भानुप्रताप सिंह को 70 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोपी पर परिवादी के करीब 10 लाख रुपये के बिल पास करने की एवज में रिश्वत मांगने का आरोप है।

बिल भुगतान के बदले मांगी थी रिश्वत

भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो के महानिदेशक पुलिस गोविन्द गुप्ता के अनुसार, एसीबी की आसूचना इकाई, कोटा को शिकायत मिली थी कि परिवादी द्वारा करवाए गए कार्यों के बिलों के भुगतान संबंधी प्रक्रिया पूरी करने के बदले आरोपी भानुप्रताप सिंह 70 हजार रुपये की रिश्वत मांग रहा है। शिकायत के आधार पर एसीबी ने मामले का सत्यापन कर ट्रैप कार्रवाई की योजना बनाई।

डीएसपी के नेतृत्व में हुई कार्रवाई

उपमहानिरीक्षक पुलिस, एसीबी कोटा रेंज ओमप्रकाश मीणा के पर्यवेक्षण में पुलिस उप अधीक्षक चन्द्रकंवर के नेतृत्व में एसीबी की टीम ने कार्रवाई की। इस दौरान आरोपी को परिवादी से 70 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया गया।

एसीबी मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है। कार्रवाई के बाद पंचायत समिति में भ्रष्टाचार के मामलों को लेकर चर्चा तेज हो गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *