“नशा मुक्त राजस्थान 2029”: एएनटीएफ का नशा तस्करों पर बड़ा प्रहार; 6 जिलों में ताबड़तोड़ कार्रवाई कर दागा ‘सिक्सर’
बाड़मेर, जालोर, नागौर, भीलवाड़ा, चित्तौड़गढ़ व उदयपुर में 424 किलो डोडा पोस्त, अफीम, एमडी व एमडीएमए जब्त; 07 आरोपी दस्तयाब व 4 वाहन जब्त
अंतरराष्ट्रीय बाजार में जब्त मादक पदार्थों की कीमत करीब ₹65 लाख
गौरव रक्षक/ राजेंद्र शर्मा
जयपुर 3 अक्टूबर2026
राजस्थान को नशामुक्त बनाने के लक्ष्य के तहत एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (एएनटीएफ) की नशा तस्करों के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी है। एएनटीएफ ने प्रदेश के छह जिलों में एक साथ कार्रवाई करते हुए बड़ी मात्रा में अवैध मादक पदार्थ बरामद किए हैं। बाड़मेर, जालोर, नागौर, भीलवाड़ा, चित्तौड़गढ़ और उदयपुर में की गई छह अलग-अलग कार्रवाइयों में 424 किलोग्राम से अधिक डोडा पोस्त, अफीम, एमडीएमए और एमडी बरामद किया गया। कार्रवाई में सात आरोपियों को गिरफ्तार करने के साथ चार वाहन भी जब्त किए गए हैं। जब्त मादक पदार्थ की अंतरराष्ट्रीय कीमत करीब 65 लाख रुपये बताई गई है।

एएनटीएफ महानिरीक्षक पुलिस श्री विकास कुमार ने बताया कि महानिदेशक पुलिस श्री राजीव कुमार शर्मा और अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस श्री दिनेश एमएन के मार्गदर्शन एवं निर्देशन में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी है। एएनटीएफ द्वारा एक ओर जहां तस्करों के नेटवर्क पर कार्रवाई की जा रही है, वहीं नशे की मांग कम करने के लिए जागरूकता अभियान भी चलाए जा रहे हैं।
बाड़मेर में 248 किलो डोडा पोस्त के साथ वांछित तस्कर गिरफ्तार
बाड़मेर के नागाणा थाना क्षेत्र में एएनटीएफ की सूचना पर स्थानीय पुलिस के साथ संयुक्त कार्रवाई करते हुए 248 किलो 550 ग्राम डोडा पोस्त बरामद किया गया। पुलिस ने मौके से एक कार जब्त कर आरोपी अशोक कुमार पुत्र आईदानराम (37) निवासी अम्बावाड़ी शिव हाल कवास को गिरफ्तार किया।
आरोपी अशोक कुमार के डोडा पोस्त लेकर काउखेड़ा क्षेत्र से गुजरने की सूचना पर नाकाबंदी की गई थी। नाकाबंदी के दौरान संदिग्ध किआ कार दिखाई दी। पुलिस को देखकर चालक ने वाहन वापस मोड़ने का प्रयास किया, लेकिन टीम ने तत्परता से घेराबंदी कर उसे रोक लिया। तलाशी में कार से काले प्लास्टिक कट्टों और कपड़े के बोरों में भरा डोडा पोस्त बरामद हुआ।
पूछताछ में सामने आया कि आरोपी पूर्व में भी डोडा पोस्त तस्करी से जुड़ा रहा है। जो मेवाड़ और मध्यप्रदेश क्षेत्र से मादक पदार्थ लाकर मारवाड़ क्षेत्र में सप्लाई करने वाले तस्करों के संपर्क में था। आरोपी ने इलेक्ट्रिकल की दुकान चलाने के दौरान तस्करों से संपर्क में आने और उनकी जीवनशैली से प्रभावित होकर तस्करी में शामिल होने की बात बताई है।
आरोपी के खिलाफ पूर्व में भी तस्करी समेत अन्य आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं और वह कुछ मामलों में फरार चल रहा था। पूछताछ में बाड़मेर के रीको क्षेत्र में अपहरण और फायरिंग के एक मामले में जेल जाने की जानकारी भी सामने आई है।
जालोर में दो कारों में छिपा था 105 किलो डोडा पोस्त, पीछा कर दो तस्कर दबोचे
जालोर के आहोर थाना क्षेत्र में एएनटीएफ ने दो स्विफ्ट कारों से 105 किलो 720 ग्राम डोडा पोस्त बरामद किया। कार्रवाई में दो कारें जब्त कर खीयाराम और गौतम, दोनों निवासी बाकलसर, बाड़मेर, को गिरफ्तार किया गया।
एएनटीएफ को सूचना मिली थी कि मध्यप्रदेश के मनासा से दो कारें मादक पदार्थ लेकर जालोर के रास्ते बाड़मेर की ओर जा रही हैं। टीम ने वाहनों की निगरानी शुरू की और एक टीम ने उनका पीछा किया, जबकि दूसरी टीम ने कानिवाड़ा क्षेत्र में नाकाबंदी की।
नाकाबंदी देखकर वाहन चालकों ने रुकने के बजाय भागने का प्रयास किया। पुलिस ने स्टॉप स्टिक की मदद से एक कार को रोक लिया। दूसरी कार तेज गति में अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई। दोनों वाहनों से लोग निकलकर झाड़ियों की ओर भागे, लेकिन टीम ने पीछा कर दो आरोपियों को पकड़ लिया। तलाशी में दोनों कारों से भारी मात्रा में डोडा पोस्त बरामद हुआ। एक आरोपी गौतम के चोट लगने पर उसे उपचार के लिए जालोर अस्पताल भेजा गया।
नागौर में तीन काले कट्टों ने खोला डोडा पोस्त के कारोबार का राज
नागौर के श्रीबालाजी थाना क्षेत्र में एएनटीएफ की सूचना पर पुलिस ने रातड़ी निवासी चोखाराम के मकान पर कार्रवाई की। तलाशी के दौरान कमरे से तीन काले प्लास्टिक कट्टे, इलेक्ट्रॉनिक कांटा और मिक्सी मिली। कट्टों की जांच करने पर उनमें डोडा पोस्त चूरा एवं छिलका मिला।
पुलिस ने मौके से 44 किलो 274 ग्राम डोडा पोस्त बरामद कर आरोपी चोखाराम पुत्र मूलाराम (39) को गिरफ्तार किया।
भीलवाड़ा में बस का इंतजार कर रहे तस्कर के बैग से मिला डोडा पोस्त
भीलवाड़ा के सुभाष नगर थाना क्षेत्र में सुखाड़िया सर्किल के पास एएनटीएफ की सूचना पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने 24 किलो 840 ग्राम डोडा पोस्त बरामद किया। मौके से संदीप पुत्र बक्शी सिंह (29) निवासी फरीदकोट पंजाब हाल कोटकपुरा को गिरफ्तार किया गया।
आरोपी दो बैग लेकर बस का इंतजार कर रहा था। टीम ने घेराबंदी कर उसे पकड़ा और दोनों बैगों की तलाशी लेने पर डोडा पोस्त बरामद हुआ। पूछताछ में आरोपी के मध्यप्रदेश से मादक पदार्थ लेकर राजस्थान के रास्ते पंजाब तक पहुंचाने की बात सामने आई है। आरोपी प्रत्येक चक्कर के लिए करीब 10 हजार रुपये लेता था।
चित्तौड़गढ़ में अफीम और एमडीएमए के साथ 50 वर्षीय आरोपी गिरफ्तार
चित्तौड़गढ़ के गंगरार थाना क्षेत्र में कुरातिया गांव में एएनटीएफ की सूचना पर स्थानीय पुलिस के साथ कार्रवाई की गई। तलाशी के दौरान 139.05 ग्राम अफीम और 5 ग्राम एमडीएमए बरामद हुआ।
मौके से देवीलाल पुत्र लक्ष्मण (50) निवासी कुरातिया थाना गंगरार को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने बरामद मादक पदार्थ जब्त कर प्रकरण दर्ज किया है।
उदयपुर में पुलिस को देखकर खेतों की ओर भागा, स्कूटी समेत एमडी के साथ पकड़ा
उदयपुर के डबोक थाना क्षेत्र में एएनटीएफ टीम को गुउली से खेमली की ओर जाते समय सड़क किनारे एक व्यक्ति स्कूटी के साथ संदिग्ध अवस्था में दिखाई दिया। टीम को देखकर वह व्यक्ति पैदल ही खेतों की ओर भागने लगा। पीछा कर उसे पकड़ने के बाद स्थानीय पुलिस को मौके पर बुलाया गया।
तलाशी में आरोपी कैलाश पुत्र खरताराम (30) निवासी ओड़वाडिया थाना डबोक के पास से 5.73 ग्राम एमडी बरामद हुई। पुलिस ने मादक पदार्थ के साथ उसकी स्कूटी आरजे 27 एवाई 6345 भी जब्त कर ली।

छह जिलों में एक साथ कार्रवाई से तस्करों के नेटवर्क पर प्रहार
एएनटीएफ की इन छह कार्रवाइयों में सामने आए मामलों में मादक पदार्थों की बरामदगी के साथ इनके परिवहन और सप्लाई से जुड़े नेटवर्क की जानकारी जुटाई जा रही है। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के आधार पर मादक पदार्थों के स्रोत और आगे की सप्लाई श्रृंखला से जुड़े अन्य लोगों की पहचान एवं कार्रवाई की दिशा में जांच जारी है।
एएनटीएफ की अपील
एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स ने स्पष्ट किया है कि प्रदेश को नशा मुक्त बनाने तक यह अभियान अनवरत जारी रहेगा। आमजन मादक पदार्थों की खरीद-फरोख्त से जुड़ी कोई भी गोपनीय सूचना एएनटीएफ कंट्रोल रूम के नंबर 0141-2502877 या व्हाट्सएप नंबर 9261225056 पर दे सकते हैं। सूचना देने वाले का नाम व पहचान पूर्णतः गुप्त रखी जाएगी।

