मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की अध्यक्षता में मंत्रिमंडल ने प्रधानमंत्री मोदी की 25 वर्षों की जनसेवा के लिए अभिनंदन प्रस्ताव किया पारित…
गौरव रक्षक/ राजेंद्र शर्मा
जयपुर, 14 अक्टूबर2026
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की अध्यक्षता में बुधवार को मुख्यमंत्री कार्यालय में आयोजित मंत्रिमंडल की बैठक में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की 25 वर्षों की अनवरत जनसेवा के लिए अभिनंदन प्रस्ताव पारित किया गया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने सुशासन, विकास और राष्ट्र निर्माण के क्षेत्र में रिफॉर्म, परफॉर्म और ट्रांसफॉर्म की संस्कृति स्थापित की है। उनके अनुभव और विजन का लाभ राजस्थान को भी मिल रहा है।
मुख्यमंत्री ने प्रेस वार्ता में कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने 7 अक्टूबर को सरकार के मुखिया के रूप में राष्ट्रसेवा के 25 वर्ष पूरे किए हैं। गुजरात के मुख्यमंत्री से लेकर देश के प्रधानमंत्री तक उनकी यात्रा जनसेवा, विकास और सुशासन के प्रति समर्पण का उदाहरण है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में भारत वैश्विक मंच पर मजबूत हुआ है तथा आत्मनिर्भर भारत, मेक इन इंडिया, डिजिटल इंडिया और जीएसटी जैसी पहलों से देश की आर्थिक एवं प्रशासनिक व्यवस्था को नई दिशा मिली है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में देश में आधारभूत ढांचे, विनिर्माण, तकनीक, स्वास्थ्य, वित्तीय समावेशन और जनकल्याण के क्षेत्र में व्यापक बदलाव हुए हैं। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, आयुष्मान भारत, प्रधानमंत्री आवास योजना, उज्ज्वला योजना और स्वच्छ भारत मिशन जैसी योजनाओं से करोड़ों परिवार लाभान्वित हुए हैं। उन्होंने कहा कि विकास के साथ भारत की सांस्कृतिक विरासत को भी आगे बढ़ाया जा रहा है।
राजस्थान को मिल रहा केंद्र सरकार का सहयोग
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन में राजस्थान में विकास परियोजनाओं को गति मिली है। प्रदेश में 2,750 किलोमीटर से अधिक लंबाई के नौ ग्रीनफील्ड एक्सप्रेस-वे विकसित किए जा रहे हैं। केंद्र सरकार के सहयोग से 11,764 करोड़ रुपये की लागत वाली जयपुर रिंग रोड (उत्तर) परियोजना को पूरा किया जाएगा। उन्होंने बताया कि राजस्थान 39.36 गीगावाट स्थापित सौर ऊर्जा क्षमता के साथ देश में प्रथम स्थान पर है, जबकि अक्षय ऊर्जा स्थापना में दूसरे स्थान पर पहुंच चुका है।
उन्होंने कहा कि राम जल सेतु लिंक परियोजना, यमुना, किशाऊ एवं नर्मदा जल समझौतों से प्रदेश की जल सुरक्षा को मजबूती मिलेगी। वहीं, पचपदरा रिफाइनरी, जयपुर मेट्रो फेज-2 और माही-बांसवाड़ा परमाणु विद्युत परियोजना जैसी महत्वपूर्ण परियोजनाएं राजस्थान के विकास में अहम भूमिका निभाएंगी।
युवाओं, किसानों और महिलाओं के कल्याण पर जोर
मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य सरकार अब तक 1 लाख 93 हजार पदों पर सरकारी नियुक्तियां दे चुकी है, जबकि 1 लाख 18 हजार पदों पर भर्ती प्रक्रिया जारी है और 70 हजार से अधिक पदों पर भर्ती की दिशा में कार्य किया जा रहा है। प्रदेश में 410 से अधिक परीक्षाएं पारदर्शिता के साथ बिना पेपरलीक के संपन्न कराई गई हैं।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने किसान सम्मान निधि की राशि बढ़ाकर 9 हजार रुपये की है तथा 26 जिलों में किसानों को दिन में बिजली उपलब्ध कराई जा रही है। लखपति दीदी और लाडो प्रोत्साहन जैसी योजनाओं के माध्यम से महिलाओं को सशक्त बनाया जा रहा है। प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण के तहत प्रदेश में लाखों आवासों का निर्माण कराया गया है तथा गरीब परिवारों को रियायती दर पर गैस सिलेंडर उपलब्ध कराए जा रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने प्रदेश के विकास में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन, सहयोग और महत्वपूर्ण परियोजनाओं के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार सुशासन, पारदर्शिता, जनभागीदारी और समयबद्ध क्रियान्वयन के माध्यम से राजस्थान की विकास यात्रा को गति देते हुए विकसित भारत के संकल्प को साकार करने के लिए प्रतिबद्ध है।
प्रेस वार्ता में उप मुख्यमंत्री दिया कुमारी, उप मुख्यमंत्री डॉ. प्रेमचंद बैरवा, संसदीय कार्य मंत्री जोगाराम पटेल तथा खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री सुमित गोदारा उपस्थित रहे।

