राजेन्द्र मार्ग विद्यालय में सिक्योरिटी ट्रेड के विद्यार्थियों को सिखाए आग से बचाव के गुर..

राजेन्द्र मार्ग विद्यालय में सिक्योरिटी ट्रेड के विद्यार्थियों को सिखाए आग से बचाव के गुर..

फायर ब्रिगेड टीम ने फायर सेफ्टी, आपदा प्रबंधन और सिक्योरिटी गार्ड की भूमिका की दी जानकारी

गौरव रक्षक/राजेंद्र शर्मा

भीलवाड़ा, 6 अक्टूबर2026

राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय राजेन्द्र मार्ग, भीलवाड़ा में व्यावसायिक शिक्षा के अंतर्गत संचालित सिक्योरिटी ट्रेड के विद्यार्थियों के लिए मंगलवार को गेस्ट लेक्चर का आयोजन किया गया। इस दौरान फायर ब्रिगेड की टीम ने विद्यार्थियों को आग से बचाव, फायर सेफ्टी एवं आपदा प्रबंधन के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी दी।

विद्यालय के प्रधानाचार्य राजेन्द्र सिंह गहलोत ने बताया कि व्यावसायिक शिक्षा का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को रोजगारोन्मुखी बनाना है। इसी उद्देश्य के तहत विद्यार्थियों को विषय से संबंधित व्यावहारिक जानकारी उपलब्ध कराने के लिए फायर ब्रिगेड की टीम को गेस्ट लेक्चर के लिए आमंत्रित किया गया।

कार्यक्रम में फायर ब्रिगेड से हिमांशु शर्मा, धर्मेन्द्र शर्मा एवं टीम ने विद्यार्थियों को आग लगने की स्थिति में बरती जाने वाली सावधानियों, आग पर नियंत्रण पाने के उपाय, आपदा प्रबंधन तथा सिक्योरिटी गार्ड की जिम्मेदारियों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। विद्यार्थियों ने फायर सेफ्टी से जुड़े विभिन्न सवाल पूछे, जिनका टीम के सदस्यों ने सरल तरीके से जवाब दिया।

इस अवसर पर फायर ब्रिगेड टीम द्वारा फायर टेंडर के माध्यम से लाइव डेमो भी प्रस्तुत किया गया। विद्यार्थियों ने इस प्रदर्शन के माध्यम से आग बुझाने की प्रक्रिया और फायर फाइटिंग उपकरणों के उपयोग की व्यावहारिक जानकारी प्राप्त की।
कार्यक्रम का संचालन वोकेशनल ट्रेनर हेमंत पाटीदार ने किया। कार्यक्रम के आयोजन में दिनेश कुमार उपाध्याय, उपप्रधानाचार्य एवं कौशल मित्र ईशाक मोहम्मद रंगरेज, वरिष्ठ अध्यापक का विशेष सहयोग रहा।
इस गेस्ट लेक्चर के माध्यम से विद्यार्थियों को सिक्योरिटी ट्रेड से संबंधित सैद्धांतिक ज्ञान के साथ-साथ आपदा एवं अग्नि सुरक्षा की व्यावहारिक जानकारी भी प्राप्त हुई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *