नवरात्रि में महिलाओं की सुरक्षा के लिए राजस्थान पुलिस चलाएगी ‘शक्ति सुरक्षा अभियान’

नवरात्रि में महिलाओं की सुरक्षा के लिए राजस्थान पुलिस चलाएगी ‘शक्ति सुरक्षा अभियान’
गरबा-डांडिया स्थलों पर कालिका पेट्रोलिंग टीमों की तैनाती, सादे वस्त्रों में निगरानी और डिकॉय ऑपरेशन से मनचलों पर होगी कार्रवाई

गौरव रक्षक/ राजेंद्र शर्मा

जयपुर 10 अक्टूबर2026

महानिदेशक पुलिस राजस्थान श्री राजीव कुमार शर्मा के निर्देशानुसार नवरात्रि के दौरान गरबा एवं डांडिया कार्यक्रमों में शामिल होने वाली महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए राजस्थान पुलिस द्वारा प्रदेशभर में ‘शक्ति सुरक्षा अभियान’ संचालित किया जाएगा। अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस कम्युनिटी पुलिसिंग एवं जन-अभियोग लता मनोज कुमार ने इस संबंध में समस्त जिला पुलिस अधीक्षकों तथा जयपुर एवं जोधपुर के पुलिस उपायुक्तों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए हैं।
एडीजी लता मनोज कुमार ने बताया कि अभियान के तहत गरबा-डांडिया कार्यक्रमों के दौरान ही नहीं, बल्कि कार्यक्रम समाप्त होने के बाद भी महिलाओं की सुरक्षा पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। इसके लिए प्रमुख आयोजन स्थलों को चिह्नित कर सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था की कार्ययोजना तैयार की जाएगी।
कालिका पेट्रोलिंग टीमों की तैनाती, डिकॉय ऑपरेशन से होगी निगरानी
संवेदनशील एवं अधिक भीड़भाड़ वाले कार्यक्रम स्थलों पर कालिका पेट्रोलिंग टीमों और महिला पुलिसकर्मियों की पर्याप्त तैनाती की जाएगी। आवश्यकता के अनुसार सादे वस्त्रों में महिला पुलिसकर्मियों को भी निगरानी के लिए लगाया जाएगा। महिलाओं के साथ छेड़छाड़ एवं दुर्व्यवहार करने वालों के विरुद्ध कार्रवाई के लिए डिकॉय ऑपरेशन संचालित कर नियमानुसार प्रभावी कदम उठाए जाएंगे।
महिला हेल्प डेस्क और हेल्पलाइन की जानकारी का होगा प्रचार
प्रमुख गरबा-डांडिया स्थलों पर महिला हेल्प डेस्क स्थापित कर महिला पुलिसकर्मियों की उपलब्धता सुनिश्चित की जाएगी। आयोजन स्थलों पर महिला हेल्पलाइन, राजकॉप और अन्य आवश्यक पुलिस संपर्क माध्यमों की जानकारी वाले पोस्टर एवं क्यूआर कोड प्रदर्शित किए जाएंगे, ताकि जरूरत पड़ने पर महिलाएं तत्काल पुलिस सहायता प्राप्त कर सकें।
आयोजकों के साथ बैठक, सीसीटीवी और प्रवेश व्यवस्था पर जोर
बड़े आयोजनों से पहले आयोजकों के साथ बैठक कर महिला सुरक्षा संबंधी दिशा-निर्देश दिए जाएंगे। आयोजकों को महिला सुरक्षा के लिए नियुक्त सिक्योरिटी वॉलंटियर्स की सूची संबंधित पुलिस अधिकारियों को उपलब्ध करानी होगी। आयोजन स्थलों पर उपलब्ध सीसीटीवी कैमरों एवं अन्य तकनीकी संसाधनों का प्रभावी उपयोग सुनिश्चित किया जाएगा। प्रवेश द्वारों पर पहचान-पत्र और डिजिटल पास की सख्ती से जांच की जाएगी।
पार्किंग और आवाजाही वाले मार्गों पर रहेगी विशेष निगरानी
कार्यक्रम स्थलों के प्रवेश एवं निकास द्वारों, पार्किंग क्षेत्रों तथा पार्किंग से आयोजन स्थल तक आने-जाने वाले मार्गों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी। इन स्थानों पर पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, पुलिस पेट्रोलिंग और आवश्यकता के अनुसार महिला पुलिसकर्मियों की तैनाती सुनिश्चित की जाएगी।
ऑटो-टैक्सी चालकों को भी अभियान से जोड़ेंगे
महिला यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए ऑटो एवं टैक्सी चालकों के साथ बैठकें आयोजित की जाएंगी। उन्हें संदिग्ध गतिविधियों की सूचना पुलिस को देने तथा आवश्यकता पड़ने पर पुलिस सहायता प्राप्त करने के संबंध में जागरूक किया जाएगा। महिला सुरक्षा हेल्पलाइन संबंधी स्टीकर ऑटो, टैक्सी और अन्य सार्वजनिक परिवहन साधनों पर प्रदर्शित करवाए जाएंगे।
वाई-सीएलजी सदस्यों और सुरक्षा सखियों की भी लेंगे मदद
महिला सुरक्षा एवं जागरूकता को व्यापक बनाने के लिए युवा सामुदायिक समन्वय समूह (Y-CLG) के सदस्यों और सुरक्षा सखियों को भी अभियान से जोड़ा जाएगा। नवरात्रि शुरू होने से पहले जिला पुलिस के सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म, व्हाट्सऐप और अन्य डिजिटल माध्यमों से महिला सुरक्षा, हेल्पलाइन एवं पुलिस सहायता संबंधी जानकारी का प्रचार-प्रसार किया जाएगा।
एएसपी स्तर के अधिकारी करेंगे पर्यवेक्षण, उत्कृष्ट कार्य करने वालों को मिलेगा सम्मान
अभियान का जिला स्तर पर पर्यवेक्षण अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक स्तर के अधिकारी द्वारा किया जाएगा। अभियान के दौरान महिला सुरक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाली कालिका पेट्रोलिंग टीमों एवं महिला पुलिसकर्मियों को पुलिस मुख्यालय स्तर पर सम्मानित करने के लिए चयनित किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *