नाहरगढ़ अभयारण्य में ACB का बड़ा एक्शन, वनपाल और वनरक्षक 50 हजार की रिश्वत लेते गिरफ्तार..
फिल्म शूटिंग की NOC और सिक्योरिटी राशि लौटाने के बदले मांगी थी रिश्वत, ट्रैप कार्रवाई में दोनों अधिकारी रंगे हाथ पकड़े गए
गौरव रक्षक/राजेंद्र शर्मा
जयपुर,8अक्टूबर 2026
भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) ने जयपुर के नाहरगढ़ अभयारण्य में बड़ी ट्रैप कार्रवाई करते हुए वन विभाग के दो कर्मचारियों को कथित तौर पर 50 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। कार्रवाई में नाहरगढ़ अभयारण्य के वनपाल श्याम सिंह और वनरक्षक शिव किशोर को पकड़ा गया।
ACB के अनुसार, आरोपियों ने फिल्म शूटिंग के लिए NOC जारी करने तथा सिक्योरिटी राशि वापस करने के एवज में परिवादी से रिश्वत की मांग की थी। शिकायत प्राप्त होने के बाद ACB ने उसका सत्यापन कराया। शिकायत की पुष्टि होने पर टीम ने ट्रैप कार्रवाई की और दोनों आरोपियों को रिश्वत की राशि लेते हुए गिरफ्तार कर लिया।
20 हजार वनपाल और 30 हजार वनरक्षक ने मांगे
ACB की कार्रवाई के अनुसार रिश्वत की राशि में वनपाल श्याम सिंह द्वारा 20 हजार रुपये तथा वनरक्षक शिव किशोर द्वारा 30 हजार रुपये की मांग की गई थी। दोनों के हिस्से की कुल रिश्वत राशि 50 हजार रुपये थी।
ASP महावीर प्रसाद शर्मा के नेतृत्व में कार्रवाई
यह कार्रवाई ASP महावीर प्रसाद शर्मा के नेतृत्व में की गई। कार्रवाई ACB एसपी पीयूष दीक्षित के सुपरविजन तथा ACB DG गोविंद गुप्ता और ADG स्मिता श्रीवास्तव के निर्देशन में अंजाम दी गई।
ट्रैप कार्रवाई के बाद ACB की टीम दोनों आरोपियों से पूछताछ कर रही है। आरोपियों के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
ACB अधिकारियों के अनुसार, रिश्वत प्रकरण में जांच के दौरान सामने आने वाले अन्य तथ्यों की भी पड़ताल की जाएगी।

