भीलवाड़ा में पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 24 घंटे में 227 किलो से अधिक डोडा चूरा जब्त, 2 तस्कर गिरफ्तार…

भीलवाड़ा में पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 24 घंटे में 227 किलो से अधिक डोडा चूरा जब्त, 2 तस्कर गिरफ्तार…

गौरव रक्षक/राजेंद्र शर्मा

भीलवाड़ा, 22 मार्च,2026

जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मात्र 24 घंटे में लगातार 5 अलग-अलग ऑपरेशन में कुल 227 किलो 320 ग्राम अफीम डोडा चूरा बरामद किया है। साथ ही तस्करी में प्रयुक्त 5 लग्जरी कारों को जब्त कर दो तस्करों को गिरफ्तार किया गया है। जब्त मादक पदार्थ की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 34 लाख रुपये आंकी गई है।

जिला पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह (IPS) के निर्देशन में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पारस जैन के मार्गदर्शन एवं माण्डलगढ़ वृत्ताधिकारी बाबूलाल विश्नोई के सुपरविजन में बिजौलिया थाना प्रभारी स्वागत पाण्डया के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन कर कार्रवाई की गई।

5 अलग-अलग कार्रवाइयों में बड़ी सफलता

पुलिस थाना बिजौलिया की टीम ने 21 और 22 मार्च को लगातार कार्रवाई करते हुए 5 मामलों में डोडा चूरा बरामद किया—
• पहली कार्रवाई: एनएच-27 पर पोलो कार से 45.640 किलो डोडा चूरा बरामद कर आरोपी मोहनलाल को गिरफ्तार किया गया।
• दूसरी कार्रवाई: कार से 43.740 किलो डोडा चूरा जब्त कर आरोपी जीतराम को गिरफ्तार किया गया।
• तीसरी कार्रवाई: छोटी बिजौलिया क्षेत्र में लावारिस खड़ी i20 कार से 46.440 किलो डोडा चूरा बरामद हुआ।
• चौथी कार्रवाई: सलावटिया गांव में वेन्यू कार से 46.050 किलो डोडा चूरा जब्त किया गया।
• पांचवीं कार्रवाई: उसी क्षेत्र में इग्निस कार से 45.450 किलो डोडा चूरा बरामद किया गया।

कुल बरामदगी और कार्रवाई

इन सभी कार्रवाइयों में पुलिस ने कुल 227.320 किलो डोडा चूरा जब्त कर 5 लग्जरी वाहनों को सीज किया है। दोनों गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/15 में प्रकरण दर्ज कर आगे की जांच जारी है।

पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका

इस पूरी कार्रवाई में थाना बिजौलिया की टीम के अधिकारियों और जवानों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई, जिनकी तत्परता और सूझबूझ से यह बड़ी सफलता मिली।

पुलिस अधीक्षक ने टीम को इस उत्कृष्ट कार्य के लिए सराहा है और जिले में मादक पदार्थ तस्करों के खिलाफ अभियान जारी रखने की बात कही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *