राजस्थान पुलिस ने रचा नया अध्याय, देश की पहली पुलिस पोलो टीम का गठन, डीजीपी राजीव कुमार शर्मा ने बॉल रोलिंग कर किया पुलिस पोलो टीम एवं उद्घाटन मैच का शुभारंभ..

राजस्थान पुलिस ने रचा नया अध्याय, देश की पहली पुलिस पोलो टीम का गठन, डीजीपी राजीव कुमार शर्मा ने बॉल रोलिंग कर किया पुलिस पोलो टीम एवं उद्घाटन मैच का शुभारंभ..

गौरव रक्षक/राजेंद्र शर्मा

जयपुर, 8अक्टूबर 2026

राजस्थान पुलिस में खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने की दिशा में एक अभिनव पहल करते हुए पुलिस के खेलों के दायरे में अब पोलो को भी शामिल किया गया है। राजस्थान पुलिस अकादमी में गुरुवार को पुलिस पोलो टीम का भव्य उद्घाटन समारोह आयोजित किया गया। इसके साथ ही राजस्थान पुलिस ने पुलिस खेलों के क्षेत्र में एक नया अध्याय जोड़ दिया।

बताया गया कि देश में पहली बार किसी राज्य पुलिस द्वारा अपनी पोलो टीम तैयार की गई है। राजस्थान पुलिस की इस पहल का उद्देश्य पुलिसकर्मियों में खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के साथ-साथ घुड़सवारी, खेल कौशल और टीम भावना को बढ़ावा देना है।

समारोह में महानिदेशक पुलिस राजस्थान श्री राजीव कुमार शर्मा ने बॉल रोलिंग कर पुलिस पोलो टीम तथा उद्घाटन मैच का शुभारंभ किया। इस अवसर पर पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी एवं पुलिसकर्मी उपस्थित रहे। डीजीपी यातायात श्रीमती मालिनी अग्रवाल सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने भी कार्यक्रम में सहभागिता की।

रेड और ब्लू टीम के बीच हुआ रोमांचक मुकाबला

पुलिस पोलो टीम के उद्घाटन मैच में रेड और ब्लू टीम के बीच रोमांचक मुकाबला खेला गया। राजस्थान पुलिस अकादमी के हॉकी ग्राउंड में आयोजित मैच में घोड़ों की तेज रफ्तार, खिलाड़ियों के शानदार कौशल और बेहतरीन तालमेल ने दर्शकों का उत्साह बढ़ाया।

टीम रेड की ओर से जितेंद्र सिंह, मयूर गज सिंह, विजय और देवेंद्र ने मैदान में उतरकर अपना खेल कौशल दिखाया, जबकि टीम ब्लू की ओर से अजय सिंह, शुभम गुप्ता, राजेश कुमार और डूंगर सिंह ने मुकाबले में हिस्सा लिया।

मैच में टीम ब्लू ने शानदार प्रदर्शन करते हुए टीम रेड को 6-2 से पराजित किया। उद्घाटन मुकाबले के साथ ही राजस्थान पुलिस की पुलिस पोलो टीम के सफर की शानदार शुरुआत हुई।

पोलो मुकाबले के दौरान घोड़ों की रफ्तार और खिलाड़ियों के बीच बेहतर तालमेल ने खेल को रोमांचक बना दिया। मैदान पर खिलाड़ियों ने जोश, अनुशासन, कौशल और टीम भावना का प्रदर्शन किया।

राजस्थान पुलिस की इस पहल से घुड़सवारी, खेल कौशल और पुलिसकर्मियों की टीम भावना का अनूठा संगम देखने को मिला। पुलिस पोलो टीम के गठन के साथ राजस्थान पुलिस ने खेलों के क्षेत्र में अपनी गतिविधियों का दायरा बढ़ाते हुए एक नई पहचान की दिशा में कदम बढ़ाया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *