विदेशी मुद्रा व विदेश में नौकरी का झांसा देकर 22 लाख की साइबर ठगी; गुड़गांव से आरोपी वसीम हुसैन गिरफ्तार : फेसबुक पर “डायोन मार्ले” नाम से फर्जी प्रोफाइल बनाकर की दोस्ती..
गौरव रक्षक/ राजेंद्र शर्मा
जयपुर 16 अक्टूबर2026
सेण्ट्रल साइबर पुलिस स्टेशन (आर4सी), जयपुर ने विदेशी मुद्रा और विदेश में नौकरी दिलाने का झांसा देकर साइबर ठगी करने के मामले में आरोपी वसीम हुसैन, निवासी बरेली (उत्तर प्रदेश) को गुडगांव (हरियाणा) से गिरफ्तार किया है। महानिदेशक पुलिस श्री राजीव कुमार शर्मा के निर्देशों के क्रम में चल रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई हुई।
अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस (साइबर क्राइम) श्री विजय कुमार सिंह ने बताया कि जयपुर निवासी परिवादी से 3 मई 2024 को फेसबुक पर “डायोन मार्ले” नामक महिला ने दोस्ती की। उसने खुद को अमेरिका की निवासी और इंग्लैण्ड की फार्मास्यूटिकल कम्पनी में अकाउंटेंट बताकर परिवादी के पुत्र को विदेश में नौकरी दिलाने और स्वयं भारत आने का झांसा दिया।
इसके बाद एयरपोर्ट, कस्टम, मनी लॉन्ड्रिंग सर्टिफिकेट और आयकर जैसे शुल्कों के नाम पर विभिन्न बैंक खातों में कुल 22 लाख रुपये जमा करवा लिए गए। गिरोह के सदस्यों ने कस्टम व अन्य विभागों के अधिकारी बनकर फोन पर बात की और व्हाट्सएप पर कूटरचित रसीदें व दस्तावेज भेजे। रकम देने से मना करने पर जान से मारने की धमकी देकर फिर रकम जमा करवाई गई।
यह गिरोह सोशल मीडिया पर वृद्ध और अकेले रहने वाले लोगों को निशाना बनाता था तथा ठगी की रकम के लिए म्यूल बैंक खातों का उपयोग करता था। तकनीकी साक्ष्यों के विश्लेषण में सामने आया कि आरोपी वसीम हुसैन ने अपने तीन बैंक खाते उपलब्ध करवाए, जिनमें परिवादी से ठगी गई लगभग ₹4.12 लाख की राशि आई। उसने यह रकम अन्य खातों में ट्रांसफर या एटीएम से निकासी कर गिरोह के सदस्यों को दी। आरोपी के बार-बार लोकेशन बदलने और फर्जी एड्रेस पाए जाने पर उसकी गहन मॉनिटरिंग की गई और लोकेशन मिलते ही दबिश देकर उसे दस्तयाब किया गया।
आरोपी ने अपने चचेरे भाइयों मुर्सद हुसैन और अर्सद हुसैन के कहने पर विभिन्न बैंकों में खाते खुलवाकर उनके एटीएम कार्ड, पासबुक, चैकबुक और लिंक्ड सिम उन्हें सौंपे थे। इसके बदले उसे ₹70,000 कमीशन का लालच दिया गया था। प्रकरण में ठगी की रकम के आगे के लेन-देन और नेटवर्क में शामिल अन्य लोगों की विस्तृत जांच जारी है।
कार्रवाई करने वाली टीम में उप महानिरीक्षक पुलिस (साइबर क्राइम) श्री शान्तनु कुमार सिंह के निर्देशन में, थानाधिकारी श्री गजेन्द्र शर्मा (उप अधीक्षक पुलिस) के नेतृत्व में निरीक्षक श्री अजय कुमार शर्मा, कांस्टेबल श्री सुभाष कुमार, श्री भीवाराम और श्री सुबेसिंह शामिल रहे।

