महिमा पैनोरमा में नव निर्मित मंदिर का भव्य लोकार्पण एवं प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव 25 जून को…

महिमा पैनोरमा में नव निर्मित मंदिर का भव्य लोकार्पण एवं प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव 25 जून को..

गौरव रक्षक/ राजेंद्र शर्मा

20जून 2026,जयपुर

महिमा पैनोरमा परिवार के लिए अत्यंत हर्ष और गौरव का विषय है कि भगवान की असीम कृपा एवं श्रद्धालुओं के सहयोग से निर्मित भव्य मंदिर का लोकार्पण एवं प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव आगामी 25 जून 2026 को आयोजित किया जाएगा। यह धार्मिक आयोजन क्षेत्रवासियों के लिए आस्था, संस्कृति एवं आध्यात्मिक ऊर्जा का अद्भुत संगम सिद्ध होगा।

मंदिर निर्माण समिति के सचिव अंकुर अग्रवाल ने जानकारी देते हुए बताया कि ज्येष्ठ शुक्ल एकादशी, गुरुवार 25 जून 2026 को प्रातः 8:30 बजे भारत की लोकसभा के माननीय अध्यक्ष ओम बिरला के कर-कमलों द्वारा नव निर्मित मंदिर का भव्य लोकार्पण किया जाएगा। इस अवसर पर धार्मिक अनुष्ठानों के साथ-साथ सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी आयोजन किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि मंदिर प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव के अंतर्गत 22 जून से 25 जून तक विभिन्न धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिनकी रूपरेखा निम्नानुसार है—

22 जून 2026, सोमवार
प्रातः 6:30 बजे भव्य कलश यात्रा का आयोजन किया जाएगा। यह यात्रा एस.के.आई.टी. (SKIT) के पीछे स्थित हनुमान मंदिर से प्रारंभ होकर विभिन्न मार्गों से होते हुए मंदिर परिसर तक पहुंचेगी। कलश यात्रा में भाग लेने वाली महिलाओं से लाल रंग की साड़ी धारण करने का अनुरोध किया गया है। कलश एवं संबंधित पूजन सामग्री समिति द्वारा निःशुल्क उपलब्ध कराई जाएगी। यात्रा के दौरान भजन-कीर्तन एवं धार्मिक जयघोषों से वातावरण भक्तिमय रहेगा।

23 जून 2026, मंगलवार
मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की सहभागिता के साथ रामायण पाठ का आयोजन किया जाएगा। इस दौरान भगवान श्रीराम के आदर्श जीवन, धर्म एवं मर्यादा से जुड़े प्रसंगों का श्रवण कर श्रद्धालु आध्यात्मिक लाभ प्राप्त करेंगे।

24 जून 2026, बुधवार
सूर्योदय से दोपहर 12:30 बजे तक वैदिक मंत्रोच्चार के बीच प्राण प्रतिष्ठा एवं हवन-पूजन का आयोजन किया जाएगा। विद्वान आचार्यों के निर्देशन में सम्पन्न होने वाले इस अनुष्ठान में देवी-देवताओं की मूर्तियों में विधि-विधानपूर्वक प्राण प्रतिष्ठा की जाएगी। सायं 7:30 बजे प्रसिद्ध भजन गायकों द्वारा भव्य भजन संध्या का आयोजन होगा, जिसमें भक्तिमय प्रस्तुतियों से श्रद्धालु भाव-विभोर होंगे।

25 जून 2026, गुरुवार
प्रातः 8:30 बजे लोकसभा अध्यक्ष माननीय ओम बिरला के कर-कमलों से नव निर्मित मंदिर का विधिवत लोकार्पण किया जाएगा। कार्यक्रम में अनेक गणमान्य अतिथि, डॉ. किरोड़ी लाल मीना (कृषि मंत्री), श्री हीरालाल नागर (ऊर्जा मंत्री), डॉ. कैलाश वर्मा (विधायक बगरू), डॉ. रमेश अग्रवाल ( क्षेत्र संघ चालक राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ) धर्माचार्य, समाजसेवी एवं क्षेत्रवासी उपस्थित रहेंगे। इसके पश्चात सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा, जिनमें भारतीय संस्कृति एवं धार्मिक परंपराओं की झलक देखने को मिलेगी।

दोपहर 11:00 बजे से श्रद्धालुओं के लिए महाप्रसाद का आयोजन रखा गया है, जिसमें बड़ी संख्या में धर्मप्रेमी भाग लेकर प्रसाद ग्रहण करेंगे।

मंदिर निर्माण समिति ने सभी धर्मप्रेमी नागरिकों, श्रद्धालुओं एवं क्षेत्रवासियों से इस ऐतिहासिक एवं पुण्य अवसर पर परिवार सहित उपस्थित होकर कार्यक्रम को सफल बनाने तथा भगवान का आशीर्वाद प्राप्त करने का आग्रह किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *