मांग के अनुरूप और भी रेलगाड़ियां चलेंगी
भीलवाड़ा, 15 मई/ अपने राज्य में जाने हेतु पंजीकरण कराने वाले उत्तर प्रदेश के 1400 श्रमिकों को शनिवार को उनके राज्य भेजा जाएगा। इसके लिए राज्य सरकार के प्रयासों से विशेष रेलगाड़ी का प्रबंध किया गया है।
जिला कलेक्टर श्री राजेंद्र भट्ट ने बताया कि यह रेलगाड़ी भीलवाड़ा अथवा अजमेर से उत्तर प्रदेश के लिए प्रस्थान करेगी के लिए प्रस्थान करेगी। सभी 1400 श्रमिकों को सूचित कर दिया गया है और प्रशासन की ओर से स्क्रीनिंग के पश्चात बसों द्वारा उन्हें भीलवाड़ा अथवा अजमेर रेलवे स्टेशन पहुंचाया जाएगा। राज्य सरकार के निर्देशानुसार उनके भोजन आदि की व्यवस्था भी प्रशासन की ओर से की जाएगी। सोशल डिस्टेंसिंग की पालना सुनिश्चित करते हुए उन्हें अपने गंतव्य तक पहुंचाया जाएगा। उन्होंने बताया कि उपरोक्त सभी सूचीबद्ध श्रमिकों के लिए उत्तर प्रदेश सरकार की ओर से एनओसी प्राप्त हो गई है। इन सूचीबद्ध श्रमिकों की अलावा किसी भी अन्य श्रमिक को फिलहाल जाने की अनुमति नहीं होगी। अगले चरण में संबंधित राज्यों से एनओसी प्राप्त होने पर श्रमिकों को उनके राज्य भेजने का प्रबंध किया जाएगा।
पंजीकरण व स्क्रीनिंग करवाना अनिवार्य हैः
जिला कलेक्टर ने अपने राज्यों में जाने की इच्छुक श्रमिकों से अपील की है कि यदि पूर्व में उन्होंने पंजीकरण नहीं करवाया है तो वह अपने राज्य में जाने हेतु अपना पंजीकरण करवाएं। अपने राज्य में भेजने से पूर्व उनके स्वास्थ्य की अनिवार्यतः स्क्रीनिंग करवाई जाएगी। अब राज्य सरकार द्वारा श्रमिकों की मांग के अनुरूप नियमित रेलगाड़ियां चलाकर अन्य राज्यों के श्रमिकों को उनके राज्य भेजा जाएगा। उन्होंने श्रमिकों से अनावश्यक परेशान ना होने एवं होने एवं अपनी बारी का इंतजार करने की अपील की।
