दीपावली से पहले मिलावटखोरों पर शिकंजा, फ्लिपकार्ट मिनट्स डार्क स्टोर में मिलीं अनियमितताएं..
‘शुद्ध आहार–मिलावट पर वार’ अभियान के तहत खाद्य सुरक्षा विभाग की कार्रवाई तेज, मिठाई, घी, दूध, पनीर सहित कई खाद्य पदार्थों के नमूने लिए
गौरव रक्षक/ राजेंद्र शर्मा
जयपुर, 13 अक्टूबर2026
दीपावली के त्योहार पर आमजन को शुद्ध एवं सुरक्षित खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने के लिए चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग ने ‘शुद्ध आहार–मिलावट पर वार’ अभियान के तहत जांच और नमूनीकरण की कार्रवाई तेज कर दी है। अभियान के तहत खाद्य सुरक्षा विभाग की केंद्रीय टीम तथा जयपुर-I और जयपुर-II की टीमों ने मिठाई की दुकानों, दूध-पनीर विक्रेताओं और डार्क स्टोर्स का निरीक्षण किया। इस दौरान सांगानेर स्थित फ्लिपकार्ट मिनट्स डार्क स्टोर में कई अनियमितताएं मिलने पर क्षतिग्रस्त पैकेजिंग वाले उत्पाद नष्ट करवाए गए और खाद्य पदार्थों के नमूने लिए गए।
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा एवं चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री गजेन्द्र सिंह खींवसर के मार्गदर्शन में चलाए जा रहे इस अभियान के तहत प्रमुख शासन सचिव, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य, गायत्री राठौड़ के निर्देशानुसार तथा खाद्य सुरक्षा आयुक्त अविचल चतुर्वेदी के मार्गदर्शन में कार्रवाई की गई।
फ्लिपकार्ट मिनट्स स्टोर में मिलीं खामियां
शिकायत के आधार पर सांगानेर स्थित फ्लिपकार्ट मिनट्स डार्क स्टोर का निरीक्षण किया गया। यहां चिलर रूम में गंदगी, खाद्य पदार्थों के भंडारण की उचित व्यवस्था का अभाव, क्षतिग्रस्त पैकेट तथा कुछ उत्पादों की सामग्री सूची पर बारकोड स्टिकर लगे पाए गए। टीम ने क्षतिग्रस्त पैकेजिंग वाले उत्पादों को नष्ट करवाया। साथ ही, रिच देसी घी और सुरभि टोमेटो कैचअप के नमूने लिए गए।
स्टोर प्रबंधन को स्वच्छता बनाए रखने, खाद्य पदार्थों का सुरक्षित तरीके से भंडारण करने और पैकेजिंग एवं लेबलिंग संबंधी नियमों का पालन करने के निर्देश दिए गए।
मिठाई, घी और अन्य खाद्य पदार्थों के नमूने लिए
खाद्य सुरक्षा विभाग की जयपुर-I टीम ने रावत मिष्ठान भंडार से मावा मिठाई, अखरोट बर्फी, मक्खन बड़ा, खाद्य तेल और समोसे के नमूने लिए। इसके अलावा वैशाली नगर के दूध भंडारों और जयपुर के पनीर प्रतिष्ठानों का निरीक्षण भी किया गया।
वहीं, जयपुर-II की टीम ने मोहननी इंडस्ट्रीज से बेसन और आटे, जेप्टो डार्क स्टोर से सरस घी एवं बेसन के लड्डू, सोडाणी स्वीट्स से इमरती, रघुनंदन स्वीट्स से मावा मिठाई तथा श्याम एंड कंपनी से घी के नमूने लिए। राजवाड़ी कचौरी से इस्तेमाल किए जा रहे खाद्य तेल और आइस स्पाइस से पैटीज का नमूना भी लिया गया।
निरीक्षण के दौरान पैकेजिंग संबंधी कमियां सामने आने पर सुधार नोटिस जारी करने की कार्रवाई प्रस्तावित की गई।
विद्यार्थियों को सुरक्षित खान-पान के प्रति किया जागरूक
अभियान के तहत जयपुर के सेंट जेवियर्स सीनियर सेकेंडरी स्कूल में मोबाइल फूड टेस्टिंग लैब और मिलेट्स (श्रीअन्न) स्टॉल के माध्यम से विद्यार्थियों को जागरूक किया गया। उन्हें सुरक्षित एवं संतुलित खान-पान, खाद्य पैकेट पर अंकित जानकारी पढ़ने और श्रीअन्न के पोषण संबंधी लाभों के बारे में जानकारी दी गई।
जांच रिपोर्ट के आधार पर होगी कार्रवाई
अतिरिक्त आयुक्त, खाद्य सुरक्षा एवं औषधि नियंत्रण, भगवत सिंह ने बताया कि त्योहारों के दौरान मिठाई, मावा, दूध, पनीर, घी और अन्य खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए निगरानी बढ़ाई गई है। खाद्य कारोबारियों को स्वच्छता बनाए रखने और निर्धारित खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन करना अनिवार्य है।
उन्होंने आमजन से अपील की कि खाद्य पदार्थ खरीदते समय पैकेट की स्थिति, लेबल पर दी गई जानकारी और समाप्ति तिथि की जांच अवश्य करें। अभियान के तहत लिए गए नमूनों की प्रयोगशाला में जांच कराई जाएगी और रिपोर्ट के आधार पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। दीपावली तक निरीक्षण एवं नमूनीकरण का अभियान लगातार जारी रहेगा।

