भीलवाड़ा में गौवंश के साथ घिनौना कृत्य करने वाला ₹20,000 का इनामी आरोपी बांग्लादेश बॉर्डर से गिरफ्तार…
गौरव रक्षक/राजेंद्र शर्मा
भीलवाड़ा, 10अप्रैल 2026
शहर में गौवंश के साथ अप्राकृतिक कृत्य करने वाले एक इनामी आरोपी को पुलिस ने करीब 2000 किलोमीटर तक पीछा कर बिहार के किशनगंज होते हुए बांग्लादेश बॉर्डर के पास से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी पर ₹20,000 का इनाम घोषित था।
जिला पुलिस अधीक्षक धर्मेन्द्र सिंह (IPS) ने घटना की गंभीरता और हिंदू समुदाय में व्याप्त आक्रोश को देखते हुए आरोपी की तलाश के लिए विशेष टीमों का गठन किया। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पारस जैन (RPS) के सुपरविजन में तथा वृत्ताधिकारी शहर सज्जन सिंह राठौड़ (RPS) के नेतृत्व में तीन विशेष टीमें बनाई गईं।
घटना का विवरण
29 मार्च 2026 को प्रार्थी शिवराज गुर्जर ने कोतवाली थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई कि सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो में एक अज्ञात व्यक्ति गाय के साथ कुकृत्य करते हुए दिखाई दे रहा है। यह घटना 27 मार्च के आसपास की बताई गई। वीडियो वायरल होने के बाद शहर में भारी रोष फैल गया।
इस पर पुलिस ने प्रकरण संख्या 101/2026 के तहत राजस्थान गोवंशीय पशु अधिनियम 1995 एवं पशु क्रूरता निवारण अधिनियम 1960 की धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
पुलिस की कार्रवाई
आरोपी की पहचान और गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमों ने व्यापक स्तर पर कार्रवाई की—
• घटनास्थल और शहर के विभिन्न इलाकों में लगे करीब 1500 सीसीटीवी कैमरों की जांच की गई।
• आरोपी की तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया व पुलिस नेटवर्क के जरिए प्रसारित किए गए।
• स्टेट कंट्रोल रूम के माध्यम से पूरे देश में अलर्ट जारी किया गया।
• जांच में सामने आया कि आरोपी ट्रेन से भीलवाड़ा आकर वारदात करता और वापस ट्रेन से चला जाता था।
• इसके बाद पुलिस टीमों को विभिन्न रेलवे स्टेशनों पर तैनात किया गया और भीलवाड़ा रेलवे स्टेशन पर विशेष निगरानी रखी गई।
• करीब 40 ट्रेनों के डिब्बों की रोजाना जांच की गई और रेलवे स्टाफ व जीआरपी की मदद ली गई।
सीसीटीवी विश्लेषण के आधार पर आरोपी की लोकेशन लगातार ट्रैक करते हुए पुलिस टीम भीलवाड़ा से अजमेर, जयपुर, आगरा, कानपुर, प्रयागराज होते हुए पश्चिम बंगाल तक पहुंची। अंततः सूचना के आधार पर आरोपी को बिहार के किशनगंज रेलवे स्टेशन से डिटेन कर लिया गया।
गिरफ्तार आरोपी
गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान संजय कुमार साहू (56) पुत्र मोती साहू, निवासी शास्त्रीनगर, थाना कदमा, जिला पूर्वी सिंहभूम (जमशेदपुर, झारखंड) के रूप में हुई है। आरोपी पूर्व में भी भीमगंज थाना क्षेत्र में इसी प्रकार की वारदात कर चुका है।
पुलिस टीम का योगदान
इस कार्रवाई में कोतवाली थाना प्रभारी शिवराज गुर्जर सहित भीलवाड़ा पुलिस, साइबर सेल और आरपीएफ किशनगंज की संयुक्त टीम का विशेष योगदान रहा।
पुलिस की इस बड़ी कार्रवाई से न केवल आरोपी की गिरफ्तारी संभव हो सकी, बल्कि शहर में कानून व्यवस्था और आमजन का विश्वास भी मजबूत हुआ है।

