जिलेवासी दीपावली का त्यौहार धूमधाम से मनाएं- जिला कलक्टर श्री आशीष मोदी
गौरव रक्षक/ राजेंद्र शर्मा
शहर की खुशहाली के लिए शाम 7 बजे पुलिस कंट्रोल रूम पर होगा आरती कार्यक्रम, 7.15 बजे सूचना केन्द्र इमारत पर होगी ग्रीन आतिशबाजी
शहर में उत्कृष्ट बाजार प्रदर्शन, सजावट, सफाई व्यवस्था के लिए दिए जाएंगे पुरस्कार
भीलवाड़ा, 22 अक्टूबर। जिला कलक्टर श्री आशीष मोदी ने जिलेवासियों को दीपावली की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि प्रकाश और स्वच्छता का यह पर्व समाज में साम्प्रदायिक सौहार्द, प्रेम और भाईचारे का संदेश देता है। कोरोना के पिछले दो साल के बाद इस बार यह पर्व जिलेवासियों के लिए उल्लास और खुशियों भरा हो, इसके लिए जिला प्रशासन आमजन के साथ मिलकर त्योहार मनाएगा। जिले में सजावट व रोशनी और विशेष आयोजन किये जाएंगे ताकि कोविड-19 के कारण फीके हुए त्यौहार में फिर से चमक नजर आए।
71 हजार तक मिलेगा पुरस्कार
शहर के व्यापार मंडलों, बाजार यूनियनों व अन्य की भागीदारी सुनिश्चित करने व प्रोत्साहन के लिए नगद इनाम व ट्रॉफी प्रदान कर सम्मानित किया जाएगा।सर्वश्रेष्ठ बाजार क्षेत्र की साज सज्जा के लिए प्रथम पुरस्कार के रूप में 71 हजार रु, द्वितीय पुरस्कार 51 हजार रु, तृतीय पुरस्कार 31 हजार रू दिये जाएंगे।इसी प्रकार निजी इमारतों/ हाउसिंग सोसाइटी की सज्जा पर भी पुरस्कार दिए जाएंगे। प्रथम पुरस्कार के रूप में 31 हजार, द्वितीय पुरस्कार 21 हजार तथा तृतीय पुरस्कार 11 हजार रूपए व ट्रॉफी दी जाएगी।वार्ड में सफाई व्यवस्था उत्कृष्ट पाए जाने पर सफाई कर्मचारियों को भी नगद पुरस्कार व ट्रॉफी दी जाएगी। प्रथम पुरस्कार 71000 रू(सम्बन्धित मुख्य स्वास्थ्य निरीक्षक, स्वास्थ्य निरीक्षक, जमादार एवं सफाई कर्मचारी), द्वितीय पुरस्कार 31000रू ( सम्बन्धित मुख्य स्वास्थ्य निरीक्षक, स्वास्थ्य निरीक्षक, जमादार एवं सफाई कर्मचारी), तृतीय पुरस्कार 5000 रू (सर्वश्रेष्ट एक सफाई कर्मचारी) दिया जाएगा।
सूचना केन्द्र इमारत पर होगी ग्रीन आतिशबाजी
दीपावली के पर्व पर आतिशबाजी की जाएगी, जिसका आनंद शहरवासी लेंगे। दीपावली के त्यौहार को भव्य बनाने के लिए नगर विकास न्यास द्वारा शाम 7.15 बजे सूचना केन्द्र की बिल्डींग पर ग्रीन आतिशबाजी की जाएगी। इससे पूर्व शहर की खुशहाली के लिए शाम 7 बजे पुलिस कंट्रोल रूम पर आरती और पूजन किया जाएगा। जिला कलक्टर ने आमजन को ज्यादा से ज्यादा संख्या में कार्यक्रम में जुड़ने की अपील की है।
शहर के विभिन्न चौराहों पर होगी सजावट, सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे, बजेगी शहनाइयां
दीपावली पूर्व को धूमधाम से मनाएं जाने के लिए विभिन्न चौराहों पर सजावट की जाएगी और सांस्कृतिक कार्यक्रम भी किए जाएंगे तथा शहनाई वादन भी की जाएगी।
राजीविका की महिलाओं द्वारा निर्मित गिफ्ट हैंपर वाली टोकरी रहेगी आकर्षण
राजीविका की स्वयं सहायता समूह की महिलाएं द्वारा दिपावली पर्व पर उपहार देने हेतु एक नवाचार करते हुए उपहार टोकरी का निर्माण किया गया है। टोकरी में ड्राइफुट,दीपक, तोरण, मठरी आदि वस्तुए रखी गई है जो पूर्ण शुद्ध एवं गुणवत्तायुक्त है। यह उपहार टोकरी जहाजपुर तहसील की राजीविका महिला सदस्यों द्वारा तैयार किया गया है। सूचना केंद्र के सामने उत्पादों की स्टॉल लगाई जाएगी।आमजन भी गिफ्ट हैंपर टोकरी के लिए जिला प्रबंधक राजीविका श्री रामप्रसाद शर्मा मोबाईल नं. 7023199069 से संपर्क कर सकते हैं।