भीलवाड़ा जिला कलेक्टर जसमीत सिंह संधू को राष्ट्रीय सम्मान…आदिवासी कल्याण में उत्कृष्ट योगदान के लिए राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने किया सम्मानित…
गौरव रक्षक/राजेंद्र शर्मा
भीलवाड़ा, 18 अक्टूबर 2025
भीलवाड़ा जिले ने एक बार फिर प्रदेश का मान बढ़ाया है। भारत सरकार के जनजातीय कार्य मंत्रालय द्वारा जिले को आदिवासी कल्याण और सशक्तिकरण के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य के लिए राष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित किया गया है। यह सम्मान “आदि कर्मयोगी अभियान” के अंतर्गत प्रदान किया गया, जिसका उद्देश्य देशभर में आदिवासी कल्याण के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य करने वाले जिलों को पहचानना और प्रेरित करना है।
राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मू ने भीलवाड़ा के जिला कलेक्टर श्री जसमीत सिंह संधू को यह सम्मान प्रदान किया। उनके नेतृत्व में जिले में शिक्षा, स्वास्थ्य, आजीविका संवर्द्धन और आर्थिक सशक्तिकरण से जुड़े कई नवाचारात्मक प्रयास किए गए हैं, जिनका प्रत्यक्ष लाभ आदिवासी समुदायों को मिला है।
जनजातीय कार्य मंत्रालय के सचिव श्री विभु नायर ने कहा कि “भीलवाड़ा जिला देश के उन चुनिंदा जिलों में शामिल है, जिन्होंने आदिवासी समाज के सर्वांगीण विकास के लिए अनुकरणीय कार्य किए हैं।”

इस अवसर पर जिला कलेक्टर श्री जसमीत सिंह संधू ने कहा कि यह सम्मान भीलवाड़ा जिले के सभी अधिकारियों, कर्मचारियों और स्थानीय समुदाय के सामूहिक प्रयासों का परिणाम है। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि जिले को और अधिक समर्पण और नवाचार के साथ कार्य करने के लिए प्रेरित करेगी।
यह उपलब्धि न केवल भीलवाड़ा जिले के लिए गर्व का विषय है, बल्कि पूरे राजस्थान के लिए सम्मान की बात है।





