मातृभूमि के लिए अमर बलिदान: 21 अक्टूबर को देश मनाएगा ‘पुलिस शहीद दिवस’, लद्दाख के रणबांकुरों की शहादत को किया जाएगा नमन…
गौरव रक्षक/ राजेंद्र शर्मा
जयपुर, 19 अक्टूबर2026
कर्तव्य की पालना करते हुए अपने प्राणों की आहुति देने वाले अमर पुलिस शहीदों के अदम्य साहस और बलिदान के सम्मान में हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी 21 अक्टूबर को ‘पुलिस शहीद दिवस’ श्रद्धापूर्वक मनाया जा रहा है। यह विशेष आयोजन 01 सितंबर 2025 से 31 अगस्त 2026 की समयावधि के दौरान देश और समाज की रक्षा करते हुए शहीद हुए पुलिसकर्मियों के शौर्य को नमन करने के लिए किया जा रहा है। इस अवसर पर राजधानी जयपुर स्थित राजस्थान पुलिस अकादमी के शहीद स्थल और त्रिमूर्ति सर्किल स्थित पुलिस स्मारक पर मुख्य समारोह आयोजित होंगे, जहां शहीदों को पुष्प चक्र अर्पित कर भावभीनी श्रद्धांजलि दी जाएगी।
लद्दाख के बलिदान की याद
महानिदेशक पुलिस श्री राजीव कुमार शर्मा ने बताया कि 21 अक्टूबर भारतीय पुलिस इतिहास में सर्वोच्च बलिदान का प्रतीक है। ठीक 67 साल पहले 21 अक्टूबर 1959 को लद्दाख के अत्यंत दुर्गम क्षेत्र में भारतीय पुलिस के जवानों ने मातृभूमि की रक्षा करते हुए अपने प्राण न्योछावर कर दिए थे। इन्हीं अमर जवानों की शहादत से प्रेरणा लेने और ड्यूटी के दौरान जान गंवाने वाले सभी पुलिसकर्मियों को याद करने के लिए देशभर में हर वर्ष यह दिवस मनाया जाता है।
सुबह 8 बजे आरपीए में मुख्य समारोह
जयपुर का मुख्य समारोह सुबह 8 बजे आरपीए के शहीद स्मारक पर होगा। डीजीपी श्री शर्मा शहीद पुलिसकर्मियों को गार्ड ऑफ ऑनर देकर श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे और इसके बाद संक्षिप्त उद्बोधन देंगे। अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस (प्रशासन एवं कानून व्यवस्था) श्री वी.के. सिंह ने बताया कि गार्ड ऑफ ऑनर व परेड में आयुक्तालय जयपुर, चतुर्थ बटालियन और पांचवीं बटालियन आरएसी की एक-एक प्लाटून शामिल होगी।
समारोह में डीजीपी रैंक से सेवानिवृत्त एक पुलिस अधिकारी, जयपुर स्थित सेवानिवृत्त अराजपत्रित पुलिस अधिकारी, ज्वाइंट डायरेक्टर आईबी तथा पुलिस अधीक्षक एनआईए को आमंत्रित किया गया है। जयपुर स्थित पुलिस विभाग के सभी आईपीएस और आरपीएस अधिकारी भी शामिल होंगे।
त्रिमूर्ति सर्किल पर भी श्रद्धांजलि
आरपीए का कार्यक्रम संपन्न होने के तुरंत बाद जवाहरलाल नेहरू मार्ग स्थित त्रिमूर्ति सर्किल के पुलिस स्मारक पर श्रद्धांजलि कार्यक्रम होगा, जहां डीजीपी श्री शर्मा शहीदों को पुष्प चक्र अर्पित करेंगे।
श्रद्धांजलि के साथ सेवा का संकल्प
समारोह के बाद आरपीए और जिला पुलिस लाइनों में स्वैच्छिक रक्तदान शिविर लगेंगे और सभी पुलिस कार्यालयों में साफ-सफाई की जाएगी। शहीदों की स्मृति में आरपीए और जयपुर की सभी पुलिस लाइनों में वृक्षारोपण होगा। जयपुर जिले के किसी शहीद पुलिसकर्मी के निकट परिजन से पौधा लगवाया जाएगा और पौधे पर अमर शहीद के नाम की तख्ती लगाई जाएगी।
सभी जिलों में आयोजन
जयपुर के अलावा सभी जिला मुख्यालयों पर पुलिस लाइन या शहीद स्मारक पर यह दिवस मनाया जाएगा। रेंज मुख्यालयों पर संबंधित आईजी/डीआईजी और अन्य जिला मुख्यालयों पर पुलिस अधीक्षक सलामी लेंगे। इनमें आरएसी, प्रशिक्षण केन्द्र, जोन ऑफिस सहित सभी शाखाओं-इकाइयों के पुलिस कार्मिक शामिल होंगे और संबंधित जिले के शहीद पुलिसकर्मियों के परिजनों को आमंत्रित किया जाएगा।

