धोखाधड़ी का उद्घोषित अपराधी 43 साल बाद हिमाचल से गिरफ्तार, फुटबॉल कोच बनकर काट रहा था फरारी..

धोखाधड़ी का उद्घोषित अपराधी 43 साल बाद हिमाचल से गिरफ्तार, फुटबॉल कोच बनकर काट रहा था फरारी..

गौरव रक्षक/राजेंद्र शर्मा

जयपुर 17 अक्टूबर2026

थाना धानमण्डी पुलिस ने 1984 के धोखाधड़ी के मामले में 43 साल से फरार उद्घोषित अपराधी विजय कुमार यादव (69), निवासी रूपगढ़, जिला भिवानी (हरियाणा) को हिमाचल प्रदेश के नाहन जिला सिरमौर से गिरफ्तार किया है। जिला पुलिस अधीक्षक डॉ. अमृता दुहन के निर्देशन में वांछित अपराधियों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत यह कार्रवाई हुई।
आरोपी की तलाश और गिरफ्तारी के लिए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) श्री उमेश ओझा और वृत्ताधिकारी वृत्त नगर पश्चिम श्री राजेश यादव के सुपरविजन में थानाधिकारी श्री गजवीर सिंह के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई थी।
घटना के अनुसार 5 मार्च 1984 को कनावड़ा निवासी श्री भंवर सिंह ने धानमण्डी थाने में रिपोर्ट दी थी कि किनारा ग्रुप/अग्रवाल सेल्स के मैनेजर नरेन्द्र सिंह यादव और अन्य कर्मचारियों ने भारत सरकार की मान्यता का झांसा देकर नौकरी लगाने के नाम पर उनसे 3000 रुपये ऐंठ लिए। आरोपियों ने अलग-अलग लोगों से कुल 32,000 रुपये की धोखाधड़ी की और कार्यालय बंद कर फरार हो गए। इसमें पहले 9 आरोपी गिरफ्तार हो चुके थे, लेकिन विजय कुमार यादव लगातार फरार था।
पहचान बदलकर जी रहा था जिंदगी
गिरफ्तारी से बचने के लिए आरोपी ने अपने पैतृक निवास के सभी दस्तावेजों से अपना नाम हटवा दिया था। अपराध के समय उसकी उम्र केवल 26 वर्ष थी। वह पहचान छिपाकर अलग-अलग राज्यों में फुटबॉल कोच बनकर रहता रहा और वर्तमान में नाहन के चौगान खेल मैदान में कोच था।
उदयपुर पुलिस की टीम ने तकनीकी सहायता और मुखबिरों के जरिए उसका पता लगाया। टीम के सदस्य खिलाड़ी बनकर कोचिंग लेने के बहाने उससे मिले और उसे खेल मैदान से ही दबोच लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *