भीलवाड़ा पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 2 किलो 160 ग्राम अफीम जब्त, एक आरोपी गिरफ्तार…
गौरव रक्षक/ राजेंद्र शर्मा
भीलवाड़ा, 25 फरवरी 2026।
जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत भीलवाड़ा पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस थाना गुलाबपुरा ने नाकाबंदी के दौरान एक मोटरसाइकिल सवार को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 2 किलो 160 ग्राम अवैध मादक पदार्थ अफीम बरामद की है। जब्त अफीम की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 11 लाख रुपये आंकी गई है।
जिला पुलिस अधीक्षक धर्मेन्द्र सिंह के निर्देशानुसार जिले में मादक पदार्थ तस्करों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शाहपुरा राजेश आर्य के निर्देशन एवं पुलिस उप अधीक्षक वृत्त गुलाबपुरा जितेन्द्र सिंह के सुपरविजन में थानाधिकारी गुलाबपुरा श्री संजय कुमार के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया।
नाकाबंदी के दौरान हुई कार्रवाई
थानाधिकारी श्री संजय कुमार ने 24 फरवरी को पुलिस चौकी 29 मील के बाहर नाकाबंदी शुरू की। इसी दौरान एक मोटरसाइकिल (होंडा एसपी125, रजिस्ट्रेशन नंबर MP44-ZF-2907) को रुकवाकर तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान मोटरसाइकिल में प्लास्टिक की थैली में रखी 2 किलो 160 ग्राम अवैध अफीम बरामद हुई।
पुलिस ने मौके पर ही अफीम को जब्त कर परिवहन में प्रयुक्त मोटरसाइकिल को भी कब्जे में लिया। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
आरोपी का विवरण
गिरफ्तार आरोपी की पहचान कैलाश पिता होलाल गुर्जर (44 वर्ष), निवासी पलासिया हाल गोविंदपुरा, थाना मनासा, जिला नीमच (मध्यप्रदेश) के रूप में हुई है।
कार्रवाई में शामिल टीम
• श्री संजय कुमार, पु.नि., थानाधिकारी गुलाबपुरा
• श्री सुभाष चंद्र, कानि. 138
• श्री अभेष कुमार, कानि. 1537
• श्री भगवान सिंह, कानि. 2109
• श्री रविंद्र कुमार, कानि. 1621
पुलिस द्वारा आरोपी से पूछताछ जारी है और तस्करी के नेटवर्क के अन्य सदस्यों के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है। जिले में मादक पदार्थों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।

