NEET PG-2026: बिजली बाधित होने से प्रभावित अभ्यर्थियों की 5 सितंबर को होगी पुनर्परीक्षा..
गौरव रक्षक/राजेंद्र शर्मा
सीकर, 31 अगस्त,2026
NEET PG-2026 परीक्षा के दौरान परीक्षा केंद्रों पर आंतरिक विद्युत आपूर्ति बाधित होने के कारण परीक्षा प्रक्रिया पूरी नहीं कर पाने वाले अभ्यर्थियों के लिए अब पुनर्परीक्षा आयोजित की जाएगी। राष्ट्रीय परीक्षा बोर्ड इन मेडिकल साइंसेज (NBEMS) द्वारा प्रभावित अभ्यर्थियों की पुनर्परीक्षा 5 सितंबर 2026, शनिवार को दोपहर 3 बजे आयोजित की जाएगी।
जिला कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट आशीष मोदी ने सीकर जिला मुख्यालय स्थित विभिन्न परीक्षा केंद्रों का दौरा कर पुनर्परीक्षा की तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने ख्वाजा गरीब नवाज प्रशिक्षण संस्थान, विश्व भारती महाविद्यालय तथा भारतीय शिक्षण संस्थान में पहुंचकर परीक्षा से संबंधित व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया।
कलेक्टर ने अधिकारियों को परीक्षा के सफल एवं सुचारु संचालन के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय रहते सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने विशेष रूप से परीक्षा केंद्रों पर निर्बाध विद्युत आपूर्ति, सुरक्षा व्यवस्था, अभ्यर्थियों की सुविधाओं तथा अन्य आवश्यक इंतजामों की जानकारी ली।
जिला कलेक्टर ने परीक्षा प्रक्रिया में पूर्ण पारदर्शिता, गोपनीयता एवं सुरक्षा बनाए रखने पर विशेष जोर देते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था न हो और अभ्यर्थियों को किसी तरह की परेशानी का सामना नहीं करना पड़े।
निरीक्षण के दौरान सीकर पुलिस अधीक्षक प्रवीण नायक नुनावत एवं सीकर उपखंड अधिकारी सुभाष चंद सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

