हरियाणा रोजाना नौ महिलाएं हो रही यौन शोषण का शिकार:सुधा भारद्वाज
महिला कांग्रेस ने महिला उत्पीडऩ के खिलाफ निकाला रोष मार्च राज्यपाल के नाम जिला उपायुक्त को दिया ज्ञापन
गौरव रक्षक/राजेंद्र शर्मा
नारनौल। 9 अक्टूबर
हरियाणा प्रदेश महिला कांग्रेस अध्यक्ष सुधा भारद्वाज ने कहा है कि प्रदेश की मौजूदा सरकार महिलाओं को सुरक्षा प्रदान करने में बुरी तरह से असफल साबित हुई है।
प्रदेश में आए दिन नौ महिलाओं अथवा लड़कियों के साथ दुष्कर्म की घटनाएं हो रही हैं।
सुधा भारद्वाज आज यहां जिला महिला कांग्रेस द्वारा महिला उत्पीडऩ की घटनाओं के विरोध में आयोजित रोष मार्च से पहले स्थानीय पीडब्ल्यूडी विश्राम गृह परिसर में महिलाओं को संबोधित कर रही थी।
महिला कांग्रेस ने लोक निर्माण विभाग के विश्राम गृह के निकट से शुरू होकर लघु सचिवालय तक रोष मार्च किया और इसके बाद राज्यपाल बंडारू दत्तात्रेय के नाम जिला उपायुक्त मोनिका गुप्ता को ज्ञापन दिया।
इस अवसर पर प्रदेश महिला कांग्रेस अध्यक्ष सुधा भारद्वाज ने कहा कि एक जून 2022 से लेकर 31 मई 2023 तक हरियाणा में महिलाओं अथवा लड़कियों के साथ दुष्कर्म की 3411 घटनाएं हुई हैं।
इनमें नारनौल जिले में 68 घटनाएं हुई हैं। जिनमें से 25 फीसदी घटनाओं में आज भी दोषी गिरफ्तार नहीं हो सके हैं। सुधा भारद्वाज ने हालही में नारनौल में हुई बच्ची के साथ दुष्कर्म की घटना की कड़े शब्दों में निंदा करते हुए कहा कि हरियाणा में इस समय महिलाएं अथवा लड़कियां कहीं पर भी सुरक्षित नहीं हैं।
महिलाओं की सुरक्षा के लिए योजनाएं केवल कागजों में ही चल रही हैं। नारनौल महिला ब्लाक अध्यक्ष डॉ.राज सुनेश यादव व पूर्व जिला प्रमुख भाई राम सिंह व सहयोगियों द्वारा आयोजित कार्यक्रम में जिला महिला कांग्रेस सुनीता मावटा व बाला देवी के अलावा उपाध्यक्ष सरोज चौधरी, महासचिव रूपिंदर कौर, माया देवी, रीना देवी, इंद्रा यादव, सुमित्रा यादव, बिमला, चित्रा, अनुराधा, अनिमा यादव, ममता, मंजू व रेखा समेत कई महिला नेत्रियां मौजूद थी।