सैनिकों के लिए हम सबको कुछ न कुछ योगदान अवश्य देना चाहिए : सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री
गौरव रक्षक/हेमंत शर्मा
⚫ देश की जनता ने हमेशा वीर सैनिकों व उनके परिवारों का सम्मान किया है : ओमप्रकाश यादव
नारनौल,7 दिसंबर। देश आजादी की 75वी वर्षगांठ मना रहा है। देश की जनता ने हमेशा वीर सैनिकों व उनके परिवारों का सम्मान किया है। इन सैनिकों के लिए एकजुटता का परिचय देते हुए हम सबको कुछ न कुछ योगदान अवश्य देना चाहिए। यह बात सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री ओमप्रकाश यादव ने सशस्त्र सेना झंडा दिवस पर अपने घर से अपनी ओर से सैनिकों के लिए आर्थिक योगदान देते हुए कही। यह राशि देश के वीर सैनिकों के कल्याण में काम आएगी।
सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री ओमप्रकाश यादव ने कहा कि सशस्त्र सेना झंडा दिवस उन शहीदों को याद करने का दिवस है जिन्होंने मातृभूमि के लिए अपने प्राणों की आहुति दी है। इस दिन पूरे देश के नागरिक सशस्त्र सेनाओं के प्रति अपनी एकजुटता दिखाते हुए युद्ध में शहीद हुए उनकी विधवाओं, दिव्यांग व जरूरतमंद भूतपूर्व सैनिकों के प्रति अपनी संवेदनशीलता प्रकट करते हैं। साथ ही अपनी ओर से आर्थिक तौर पर योगदान भी देते हैं । उन्होंने कहा कि यह दिन उन सैनिकों के प्रति कृतज्ञता प्रकट करने का दिन है जिन्होंने देश सेवा में अपनी जान की भी परवाह नहीं की। हम सबको उनका सम्मान करते हुए सशस्त्र सेना झंडा दिवस पर अपना योगदान देना चाहिए। उन्होंने बताया कि सशस्त्र सेना झंडा दिवस पर मिला दान हमारे देश के शहीदों, उनकी विधवाओं और उनके बच्चों की सहायता के लिए प्रयोग किया जाता है। इस अवसर पर राष्ट्रीय अध्यक्ष धर्मपाल चौधरी, मेजर ईश्वर सिंह व जिला सैनिक एवं अर्ध सैनिक कल्याण कार्यालय के लिपिक प्रताप सिंह मौजूद थे।