स्वतंत्रता हासिल करने के लिए किए गए बलिदानों से नई पीढ़ी को अवगत करा रही है केंद्रीय संचार ब्यूरो की मल्टीमीडिया प्रदर्शनी -टाँक

0
34

स्वतंत्रता हासिल करने के लिए किए गए बलिदानों से नई पीढ़ी को अवगत करा रही है केंद्रीय संचार ब्यूरो की मल्टीमीडिया प्रदर्शनी -टाँक

गौरव रक्षक/राजेंद्र शर्मा
उदयपुर, 30 नवंबर 2022। हमारे देश में बलिदानों की एक विशाल परंपरा रही है, जिसकी वजह से आज हम आजादी की हवा में साँस ले पा रहे हैं। इस नई परंपरा की जानकारी जब तक नई पीढ़ी को नहीं होगी, उनमें आजादी को सुरक्षित और संरक्षित रखने का जज्बा भी नहीं पनप सकेगा। आजादी के लिए हुए आंदोलन और बलिदानों से नई पीढ़ी को परिचित कराने का काम केंद्रीय संचार ब्यूरो की मल्टीमीडिया प्रदर्शनी के माध्यम से बखूबी हो रहा है। यह उद्गार उदयपुर के महापौर श्री गोविंद टाँक ने व्यक्त किए। वह केंद्रीय संचार ब्यूरो, क्षेत्रीय कार्यालय, उदयपुर, सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय, भारत सरकार की ओर से आयोजित पाँच दिवसीय मल्टीमीडिया प्रदर्शनी के तीसरे दिन आयोजित कार्यक्रम के अवसर पर बोल रहे थे। इस अवसर पर मंच पर पार्षद चोगालाल, सीडीपीओ मावली श्रीमती आशा नेमनानी आदि उपस्थित थे।


श्री टाँक ने कहा कि आज का समय आधुनिक तकनीकी का समय है। नई पीढ़ी आधुनिक तकनीकों को आसानी से आत्मसात कर लेती है। इसलिए इस प्रदर्शनी में कई तरह की आधुनिक तकनीकों का इस्तेमाल जानकारी देने के लिए किया गया है, जो अनुकरणीय है।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए श्रीमती आशा नेमनानी ने महिला व बाल विकास विभाग की ओर से चलाई जाने वाली विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि गर्भधारण से लेकर प्रसव तक महिलाओं के स्वास्थ्य की सारी जिम्मेदारी केंद्र व राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं के माध्यम से ली जाती है। सभी महिलाओं को इसका लाभ उठाना चाहिए।
आज के पहले सत्र में डाक विभाग के सहायक प्रवर अधीक्षक श्री तिलकेश शर्मा ने डाक विभाग के बारे में जानकारी देते हुए कहा कि डाक विभाग न सिर्फ पत्रों को लोगों तक पहुँचाने का काम करता है बल्कि आज कई तरह की बैंकिंग व बीमा सेवाएं भी अपने ग्राहकों को उपलब्ध कराता है। उन्होंने डाक विभाग द्वारा चलायी जाने वाली सुकन्या समृद्धि योजना का लाभ शून्य से 10 वर्ष की सभी बच्चियों को दिलाने का अनुरोध भी किया।


इस अवसर पर अतिरिक्त जिला शिक्षा अधिकारी, जनजातीय क्षेत्रीय विकास विभाग डॉ. अमृता दाधीच ने उनके विभाग द्वारा जनजातीय बच्चों के लिए चलाई जा रही विभिन्न आवासीय व छात्रवृत्ति से सम्बन्धित योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि उदयपुर जिले में विभिन्न योजनाओं के अंतर्गत लगभग 102 आवासीय छात्रावास व विद्यालय चलाए जा रहे हैं, जिनके माध्यम से बड़ी संख्या में जनजातीय विद्यार्थियों को शिक्षा व अन्य सुविधाएं मिल रही हैं। उन्होंने कहा कि उदयपुर में चार खेल छात्रावास भी चलाये जा रहे हैं और इनके माध्यम से उदयपुर को देश के खेल नक्शे में महत्वपूर्ण स्थान दिलाने की कोशिश की जा रही है।
अतिथियों का स्वागत सहायक निदेशक रामेश्वर लाल मीणा ने किया। कार्यक्रम का संचालन क्षेत्रीय प्रचार सहायक भारत भार्गव ने किया। इस अवसर पर उपस्थित दर्शकों के लिए कुर्सवी दौड़, पुशअप्स प्रतियोगिता, मौखिक प्रश्नोत्तर प्रतियोगिता आदि का आयोजन किया गया। विजेताओं को अतिथियों के हाथों पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
दर्शकों ने बड़ी संख्या में प्रदर्शनी का अवलोकन करने के अलावा यहाँ पर लगाए गए विभिन्न शासकीय विभागों के स्टॉल्स को भी देखा और उनके द्वारा चलाई जा रही विभिन्न योजनाओं की जानकारी हासिल की। इन विभागों में महिला व बाल विकास विभाग, कृषि विभाग, उद्यान विभाग, जिला अग्रणी बैंक, डाक विभाग, जिला परिषद, सामाजिक न्याय व अधिकारिता विभाग, जनजातीय क्षेत्रीय विकास विभाग, स्वास्थ्य विभाग आदि सम्मिलित हैं।


उल्लेखनीय है कि इस मल्टीमीडिया प्रदर्शनी में आजादी के महानायक, राजस्थान के स्वतंत्रता सेनानी एवं प्रमुख घटनाओं के साथ-साथ एक भारत श्रेष्ठ भारत, महिला सशक्तिकरण, आयुष्मान भारत, भारतीय जनऔषधि परियोजना, स्वच्छ भारत मिशन, फिट इंडिया, अग्निपथ योजना, किसानों से सम्बन्धित योजनाएं, पोषण और मिशन इंद्रधनुष योजना, गतिशक्ति योजना, नयी शिक्षा नीति सहित केंद्र और राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं पर पैनल लगाए गए हैं।


उल्लेखनीय है कि इस प्रदर्शनी में केंद्र सरकार की विविध योजनाओं के प्रचार-प्रसार के लिए विभिन्न अत्याधुनिक तकनीकों का इस्तेमाल किया जा रहा है। इसमें वर्चुअल रियलिटी, मोशन गेम्स, ऑनलाइन क्विज, 360 डिग्री कैमेरा, सेल्फी मिरर, विशाल एलईडी स्क्रीन, टीवी आदि के माध्यम से दर्शकों को मनोरंजक और आकर्षक ढंग से विभिन्न योजानाओं की जानकारी दी जा रही है।


यह प्रदर्शनी 2 दिसंबर 2022 तक सुबह 10 से शाम 05 बजे तक आम नागरिकों के लिए निःशुल्क खुली रहेगी। इस प्रदर्शनी का अधिक से अधिक लोगों से अवलोकन कर लाभ उठाने का अनुरोध सहायक निदेशक  मीणा ने किया है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here