बाल दिवस पर सजी फोटो प्रदर्शनी पंडित नेहरू के जीवन, राजस्थान की यात्रा व विभिन्न प्रसंगों पर चित्रों का शानदार प्रदर्शन

0
48

बाल दिवस पर सजी फोटो प्रदर्शनी पंडित नेहरू के जीवन, राजस्थान की यात्रा व विभिन्न प्रसंगों पर चित्रों का शानदार प्रदर्शन

गौरव रक्षक/राजेंद्र शर्मा

भीलवाड़ा, 14 नवम्बर। भारत के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहर लाल नेहरू के जन्म दिवस तथा बाल दिवस के अवसर पर जिला मुख्यालय पर सोमवार को विभिन्न आयोजन किए गए। इसी कड़ी में जिला प्रशासन, नगर परिषद एवं सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के संयुक्त तत्वावधान में नगर परिषद टाउनहॉल में फोटो प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। इस प्रदर्शनी में पंडित नेहरू के जीवन, राजस्थान की यात्रा व विभिन्न प्रसंगों पर चित्रों का शानदार प्रदर्शन किया गया।

जिला कलक्टर श्री आशीष मोदी, महात्मा गांधी जीवन दर्शन समिति के जिला संयोजक श्री अक्षय त्रिपाठी व स्कूली बच्चों ने पंडित जवाहर लाल नेहरू की तस्वीर के समक्ष दीप प्रज्वलित व पुष्प अर्पित कर नमन किया। इस दौरान नगर परिषद सभापति श्री राकेश पाठक, उपखण्ड अधिकारी डॉ. पूजा सक्सेना, नगर परिषद आयुक्त श्रीमती दुर्गा कुमारी, सूचना एवं जनसम्पर्क अधिकारी श्री हेमन्त छीपा एवं अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे।

जिला कलक्टर श्री आशीष मोदी ने पं. नेहरू के जीवन पर आधारित चित्र प्रदर्शनी का अवलोकन किया। उन्होंने बच्चों को बाल दिवस की बधाइयां दी और कहा कि पंडित नेहरू को बच्चे बहुत प्रिय थे। बच्चे भी उन्हें प्यार से चाचा नेहरू कहते थे। इसी स्नेह और प्रेम के कारण पंडित नेहरू के जन्मदिन बाल दिवस के रूप में मनाया जाता है।

इस दौरान जिला कलक्टर ने इस दौरान राज्य सरकार की कल्याणकारी योजनाओं, कार्यक्रमों आदि की जानकारी के लिए सूचना एवं जनसम्पर्क विभाग द्वारा प्रकाशित सुजस पत्रिका स्कूली छात्राओं को भेंट की। उन्होंने सभी बच्चों को पंडित नेहरू की जीवनी को पढ़ने को कहा। उन्होंने कहा कि पंडित नेहरू का जीवन अनुकरणीय है वे महान राजनीतिज्ञ और प्रशासक थे।

महात्मा गांधी जीवन दर्शन समिति के जिला संयोजक श्री अक्षय त्रिपाठी ने इस अवसर पर कहा कि बच्चे देश के भावी निर्माता होते हैं एवं मजबूत पीढ़ी के निर्माण के लिए जरूरी है कि हम बच्चों के शारीरिक, मानसिक, शैक्षिकविकास के साथ नैतिक विकास के बारे में भी सोचें, अपनी संस्कृति और महापुरूषों के योगदान के बारे में परिचय कराएं। बच्चे देश के स्वर्णिम इतिहास को जानने के साथ संस्कारवान बनें।

जिला सूचना एवं जनसंपर्क अधिकारी श्री हेमन्त छीपा ने बताया कि प्रदर्शनी में चित्रों में पं. नेहरू बच्चों के साथ, पंडित नेहरू ग्रामीणों के साथ व पंडित नेहरू की राज्य के विभिन्न जिलों की यात्रा, रेगिस्तान की सवारी ऊंट पर पंडित नेहरू के क्षण, पिलानी इंस्टीट्यूट का अवलोकन और अन्य दुर्लभ क्षणों को दर्शाया गया है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here