प्रतीकात्मक चित्र
विवाहिता प्रेमिका के साथ फंदे पर झूला युवक:28 साल की पड़ोसी विवाहिता से 22 साल के युवक को हुआ प्यार, सुबह बिना बताए घर से निकले थे; शाम को पेड़ से लटकती मिली लाश
जालोर के रायथल गांव में प्रेमी युगल ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। सोमवार सुबह करीब 10 बजे दोनों घर से बिना बताए निकले थे। काफी देर तक नहीं लौटने पर परिजनों ने खोजबीन की। कोई जानकारी नहीं मिली। शाम को गांव से 3 किमी दूर जंगल में सुनसान जगह पर एक पेड़ से फंदे पर दोनों के शव लटके मिले। सूचना पर नोसरा थानाधिकारी शिवराजसिंह मौके पर पहुंचे और शवों को नीचे उतारकर आहोर अस्पताल लाया गया। मंगलवार को पोस्टमॉर्टम हुआ और शव परिजनों को सौंपा गया।
▪️पड़ोसी थे दोनों
जानकारी के मुताबिक, रायथल गांव निवासी पपिया उर्फ पप्पाराम (22) पुत्र बाबूराम भील तथा उसके पड़ोस में रहने वाली जनता देवी (28) पत्नी नेमाराम भील दोनों सोमवार सुबह करीब 10 बजे घर से बिना बताए निकल गए थे। रेगिस्तानी इलाके में मवेशी चराने गए एक व्यक्ति ने देर शाम दोनों के शव पेड़ पर लटकते देखे तो ग्रामीणों को सूचना दी। इसके बाद लोग मौके पर पहुंचे और नोसरा पुलिस को सूचना दी।
▪️युवक से 6 साल बड़ी थी महिला
पप्पाराम व जनता दोनों एक ही जाति के थे। जनता शादीशुदा थी। पप्पाराम और जनता का पति खेती का काम करते थे। जनता गृहिणी थी। दोनों के बीच काफी समय से प्रेम-प्रसंग चल रहा था। महिला के विवाहित होने के कारण शादी नहीं हो पा रही थी। ऐसे में दोनों ने साथ मरने का फैसला किया। सोमवार को दोनों ने ओढ़नी से फंदा बनाकर आत्महत्या कर ली। मामले की जांच नोसरा पुलिस थानाधिकारी शिवराज भाटी कर रहे हैं।