उदयपुर में तेंदुए का आतंक….

0
18

उदयपुर में तेंदुए का आतंक….

उदयपुर में महिला को खा गया तेंदुआ । शिकार की तलाश में रहवासी इलाकों में घुसे 3 तेंदुए । एक अधेड़ महिला को उठाकर गुफा में ले गया, दूसरे ने कुत्ते को खाया।

 

लेकसिटी उदयपुर में वन्यजीवों का आतंक खत्म होने का नाम नहीं ले रहा है। कोरोना महामारी के इस दौर में जहां आम जनता अपने घरों में कैद है। वहीं, तेंदुए बेखौफ उदयपुर में इंसानों और मवेशियों को अपना शिकार बना रहे हैं। बुधवार को तेंदुआ उदयपुर के जावर माइंस थाना क्षेत्र के सिंघटवाड़ा गांव में एक अधेड़ उम्र की महिला को उठा गुफा में ले गया। वहीं, उदयपुर की टाइगर हिल्स में तेंदुए के जोड़े ने कुत्ते को अपना शिकार बनाया। जिसके बाद उदयपुर के लोगों के मन में तेंदुओं का खौफ बढ़ गया है।
तेंदुए ने जिस महिला को शिकार बनाया वो मानसिक विक्षिप्त बताई जा रही है। महिला की मौत हो चुकी है। घटना जावर माइंस थाना क्षेत्र के सिंघटवाड़ा गांव की है। यहां बुधवार को बकरी चरा रहे ग्रामीणों ने पहाड़ी इलाके पर खून के निशान देखे। इस दौरान निशान का पीछा करते हुए ग्रामीण गांव में बनी पहाड़ियों के नजदीक पहुंचे। यहां तेंदुआ महिला के शव को खा रहा था।
इसके बाद ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस की टीम ने हवा में फायर कर गुफा से तेंदुए को भगाया। तब तक तेंदुआ महिला के आधे से ज्यादा शरीर को खा चुका था। इसके बाद ग्रामीणों की मदद से पुलिस ने क्षत-विक्षत महिला के शव को कपड़ों से उठा मोर्चरी पहुंचाया।

🔴टाइगर हिल्स इलाके के रिहायशी कॉलोनी में पहुंचा तेंदुआ।

दूसरा मामला- कुत्ते का किया शिकार
टाइगर हिल्स क्षेत्र में बेखौफ तेंदुए के जोड़े ने रिहायशी इलाके में पहुंच श्वान को अपना शिकार बनाया। जिसके कुछ ही देर बाद तेंदुए का जोड़ा फिर से जंगलों की ओर ओझल हो गया। टाइगर हिल्स इलाके में तेंदुए की दस्तक वहां लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई। टाइगर हिल्स इलाके में रहने वाले नवीन ने बताया कि इससे पहले भी कई बार तेंदुए रिहायशी इलाके में आ चुके हैं। बावजूद इसके वन विभाग द्वारा अब तक वन्यजीवों को रिहायशी इलाके में रोकने के लिए कोई कारगर रणनीति तैयार नहीं की गई। इसके चलते वन्यजीवों की बढ़ती दस्तक से पूरे क्षेत्र वासियों में भय का माहौल बना हुआ है।

पिछले कुछ दिनों से उदयपुर में तेंदुओं की दस्तक काफी बढ़ गई है। ग्रामीण इलाकों के साथ शहरी क्षेत्र में भी तेंदुआ कई बार सड़कों पर पहुंच आम जनता के मन में खौफ पैदा कर रहा है। जबकि तेंदुआ ग्रामीण इलाकों में बेखौफ मवेशियों के साथ आम आदमी को अपना शिकार बना रहा है। ऐसे में अब देखना होगा तेंदुए के बढ़ते आतंक को खत्म करने के लिए वन विभाग की टीम अब क्या कदम उठाती है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here