राशन माफिया का मकान तोड़ा 440 क्विंटल सरकारी खाद्यान्न के साथ पकडा
उज्जैन /सुबह टीम पहुंची तो मकान पर लगा था ताला, सामान बाहर कर की कार्रवाई
440 क्विंटल सरकारी खाद्यान्न पकड़कर खाद्य विभाग ने दर्ज कराई थी रिपोर्ट
उज्जैन। गरीबों के राशन की हेरफेरी के मामले में फरार राशन माफिया का प्रशासनिक अधिकारियों ने नगर निगम व पुलिस टीम की मौजूदगी में वृंदावन धाम कॉलोनी स्थित मकान जमींदोज कर दिया।
मनोज जैन निवासी वृंदावनधाम कालोनी इंदौर रोड़ को अगस्त 2020 में खाद्य विभाग ने उचत मूल्य की दुकानों से बांटे जाने वाले चावल की हेराफेरी के मामले में पकड़ा था। मनोज जैन के खिलाफ पंवासा थाने में प्रकरण दर्ज कराया था। पुलिस ने गिरफ्तारी के प्रयास किये लेकिन सुराग हाथ नहीं लग पाया। इधर प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा मनोज के बैंक अकाउंट सीज की कार्यवाही की गई। उसके मकान की जानकारी भी जुटाई गई। तीन दिन पहले मनोज जैन के मकान पर नगर निगम के भवन अधिकारी द्वारा नोटिस चस्पा किया गया जिसमें उसके द्वारा 750 स्क्वेयर फीट मकान के फ्रंट व बैक में अवैध तरीके से एमयूएस निर्माण करने का जवाब देने की बात लिखी थी। जवाब नहीं मिलने पर सुबह एसडीएम, तहसीलदार, नगर निगम इंजीनियर, तोडफ़ोड़ गैंग सहित भारी पुलिस फोर्स वृंदावनधाम कॉलोनी पहुंचा तो यहां मनोज जैन के मकान पर ताला लगा मिला।
पहले बाउंड्रीवॉल फिर ताला तोड़कर सामान निकाला
पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों की टीम जब मनोज जैन के मकान पर सुबह 8 बजे पहुंची तो यहां ताला लगा था। नगर निगम की तोडफ़ोड़ गैंग के कर्मचारियों ने हथौड़ों से बाउंड्रीवॉल तोड़ी जिसके बाद मकान के दरवाजे का ताला तोड़कर घर में रखा सामान बाहर निकालकर सड़क पर रख दिया। नगर निगम द्वारा ही ट्रेक्टर ट्राली में सामान भरवाकर सुरक्षित स्थान पहुंचाया। खास बात यह कि कार्रवाई के दौरान मनोज जैन का कोई भी परिजन अथवा रिश्तेदार मौके पर नहीं पहुंचा और आसपास के लोग घरों की छतों पर खड़े होकर कार्रवाई देखते रहे।
झोन 2 व 5 में भी होगी तोडफ़ोड़
पुलिस सूत्रों ने बताया कि माफियाओं के खिलाफ पुलिस प्रशासन द्वारा चलाई जा रही मुहिम के अंतर्गत वृंदावनधाम कॉलोनी में कार्रवाई पूरी होने के बाद दोपहर में नगर निगम के झोन 2 व 5 में भी माफियाओं के मकान जमींदोज करने की कार्यवाही की जाएगी।
उद्योगपुरी में पोहा फैक्ट्रियों की जानकारी भी मिली
पुलिस व प्रशासन के अधिकारियों ने फरार मनोज जैन की प्रापर्टी व बैंक अकाउंट की जानकारी जुटाई है जिसमें वृंदावनधाम कॉलोनी के मकान को तोडऩे की कार्यवाही आज की जा रही है, जबकि प्रशासन को पता चला है कि मनोज जैन की मक्सीरोड़ उद्योगपुरी में दो पोहा फैक्ट्री भी है।
रिपोर्ट- शैलेन्द्र सिंह बोरलिया